रायपुर

पानी नहीं तो वोट नहीं, पांच तक अल्टीमेटम
01-May-2024 4:37 PM
पानी नहीं तो वोट नहीं,  पांच तक अल्टीमेटम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 मई।
रायपुर ग्रामीण के परसुलीडीह हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी वासी जल संकट को लेकर 25 अप्रैल से धरने पर बैंठे हैं। 100 से अधिक मकानों वाले इस कॉलोनी में बीते 10 वर्षों से ये लोग जल संकट झेल रहे हैं। न तो पूर्व विधायक सत्यनारायण शर्मा ने न ही नवनिर्वाचित विधायक मोतीलाल साहू ने अब तक कोई पहल की है। बीते पांच दिनों में नगर निगम, हाऊसिंग बोर्ड के भी किसी अधिकारी ने इसकी सूध नहीं ली। लाखों रूपए में मकान बेचने के बाद हाऊसिंग बोर्ड ने कॉलोनी से मुह मोड़ लिया है। महिलाएं रोजाना सुबह निस्तारी के लिए पास के तालाब में जाने मजबूर हैं। बुधवार को रहवासियों ने कॉलोनी के पहुंच मार्ग पर पंडाल तानकर धरना शुरू कर दिया। उन्होंने चेतावनी दी है कि पांच मई तक कॉलोनी में पाइप लाइन बिछाकर सप्लाई शुरू नहीं की गई तो वे मतदान का बहिष्कार करेंगे। यहां बता दें कि इससे पहले राजधानी के ही सत्यम विहार भाटागांव के निवासियों ने सडक़ और विकास कार्यों को लेकर मतदान बहिष्कार घोषणा कर रखी है। 


अन्य पोस्ट