रायपुर
दोनों सर्विस राइफल और रिवाल्वर की डेली रूटिन सफाई कर रहे थे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 अप्रैल। शुक्रवार सुबह कऱीबन 7-8 बजे के बीच पूर्व विधायक देवती कर्मा के सिविल लाइन के बंगले में गोली चली। यह बंगला ठीक सीएम हाउस के पीछे स्थित हैं। इसके चलते इस गोली कांड को सुरक्षा एजेंसियों ने गंभीरता से लिया है। इसमें एक कंमाडर घायल हुए हैं और आरक्षक की मौत हो गई। इस बंगले में डिप्टी कलेक्टर आशीष कर्मा रहते हैं। उनकी सुरक्षा में लगे हुए सुरक्षा कंपनी के एपीसी राम कुमार दोहरे एवं प्रधान आरक्षक अजय सिंह पुलिस बैरेक में अपने हथियारों की नियमित सफाई कर रहे थे। उसी दौरान पिस्टल से गोली चली। जो एपीसी दोहरे की हथेली को पार कर प्रधान आरक्षक अजय सिंह के दाहिने सीने में लगी।
अजय सिंह और दोहरे को तत्काल मेकाहारा ले जाया गया। जहां उनकी मृत्यु हो गई है। और दोहरे का इलाज कराया जा रहा है। मृतक बिजुरी के रहने वाले हैं और घायल भिंड से है। प्रथमतया, मामला एक्सीडेंटल फायरिंग का प्रतीत हो रहा है। मामले में जांच की जा रहा है। हवलदार अजय 2001 में भर्ती हुआ था, और फरवरी 23 से कर्मा के बंगले में तैनात था। वहीं रामकुमार दोहरे 1985 में बटालियन में भर्ती हुए थे, और अगस्त 23 से डिप्टी कलेक्टर आशीष की निजी सुरक्षा में पदस्थ हैं।
घटना के बाद मौके पर रायपुर पुलिस के आलाधिकारी पहुंचे और उसके बाद मृतक की तस्वीर के साथ एक विज्ञप्ति में घटना का ब्यौरा दिया है ।
हालांकि पुलिस विज्ञप्ति में ये स्पष्ट नहीं किया गया है कि गोली मृतक हवलदार की पिस्टल से चली है या घायल एपीसी की पिस्टल से। इसे लेकर कर्मा बंगले में तैनात अन्य कर्मियों के बीच चर्चा हो रही है। घटना के बारे में आर्म्स एमियुनेशन के जानकारों के मुताबिक सुरक्षा बल के जवानों को शुरूआती ट्रेनिंग में ही हथियारों के रख रखाव के बारे में बताया जाता है।
इसमें हथियार की ऊपरी साफ सफाई के दौरान भी कारतुस भरे मैगजीन अलग करके ही सफाई की जाती है। इसके अलावा आजकल के ऑटोमैटिक हथियारों में एक लॉक सिस्टम भी होता है । लेकिन इस घटना में इन सब नियमों की अनदेखी की या साफ सफाई इस अहम प्रक्रिया को चलता है किया गया यह जांच का विषय है। वहीं जानकारो के मुताबिक एक ही पिस्टल से दो लोग एक साथ घायल होना और मृत होना भी कई बड़े सवाल खड़े कर रहा है।आपको बता दे कि स्वर्गीय महेन्द्र कर्मा को नक्सलियो द्वारा मौत के घाट उतारने के बाद देवती कर्मा और उनके परिवारो को रमन सिंह के बाद जेड केटेगरी की सुरक्षा प्रदान की गई है जिसमें सुरक्षा बटालियन के जवान तैनात है।
पुलिस जानकारो के मुताबिक इस सुरक्षा बटालियन में पुलिस विभाग के सबसे ज्यादा ट्रेंड जवानों को ही शामिल किया गया है। फिलहाल इस पुरे मामले पर पुलिस का कोई भी आलाधिकारी बोलने को तैयार नहीं है और सिविल लाइन थाना में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।