रायपुर

पीएम के राजभवन में रात्रि विश्राम पर कांग्रेस को आपत्ति, आयोग में शिकायत
23-Apr-2024 6:55 PM
पीएम के राजभवन में रात्रि विश्राम पर कांग्रेस को आपत्ति, आयोग में शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 23 अप्रैल। प्रधानमंत्री के राजभवन में रूकने पर कांग्रेस ने चुनाव आयोग में शिकायत किया।

शिकायत में कहा गया कि दिनांक 23 अप्रैल 2024 मंगलवार को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का रायपुर आगमन हो रहा है और उनका रात्रि विश्राम राजभवन में प्रस्तावित है जो कि राज्य के संवैधानिक प्रमुख राज्यपाल का निवास स्थान है।

राज्य के संवैधानिक प्रमुख के निवास पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का रात्रि विश्राम करना सीधे-सीधे पूरे राज्य के मतदाताओं को और पूरी सरकारी मशीनरी को प्रभावित करेगा और यह निष्पक्ष चुनाव की परिस्थितियों को दूषित करेगा।

यह निश्चित रूप से निष्पक्ष चुनाव की परिस्थितियों को प्रभावित करने की भाजपा की चाल है जिसका हम विरोध करते हैं और मांग करते हैं कि निर्वाचन आयोग प्रधानमंत्री के रात्रि विश्राम के लिए उनकी गरिमा और उनकी सुरक्षा आवश्यकताओं के अनुरूप राजभवन की जगह किसी और उपयुक्त और विधि विधान के अनुरूप स्थान में आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के लिए शासन को निर्देशित करे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रवास के दौरान निर्वाचन आयोग द्वारा प्रधानमंत्री श्री मोदी के विश्राम के लिए निर्धारित शासकीय परिसर में किसी भी राजनैतिक या चुनाव कार्य से जुड़े शासकीय व्यक्ति से प्रधानमंत्री मुलाकात न करे इसे भी निर्वाचन आयोग को सुनिश्चित करना चाहिए।


अन्य पोस्ट