रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 31 मार्च। वित्त वर्ष के अंतिम दिन होने की वजह से रविवार अवकाश के दिन भी राज्य के कोषालयों के साथ सभी बैंकों में काम काज हुआ । वर्ष 23-24 के एकाउंट रात 12 बजे बंद किए गए । कल से नए लेखों में लेनदेन जीरो बैलेंस के साथ शुरू होगा ।
राज्य सरकार ने अपने सभी विभागों से चालू वर्ष के लिए लेनदेन 22 मार्च से ही अघोषित रूप से रोक लगा दी थी। सभी जिला व उप कोषालयों से चैक बुक मंगा लिए गए थे। उसके बाद के बिलों पर भुगतान वित्त विभाग की अनुमति से ही किए जाते रहे हैं। 22 मार्च तक प्रदेश भर में लगभग 26 हजार बिल,चैक ,कोष लेखा संचालनालय में जमा किए गए थे। इनमें से लगभग सभी के भुगतान आज दोपहर तक जारी कर दिए गए ।
वित्त विभाग के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कल 1 अप्रैल को बैंक बंद होने की वजह से वित्तीय कार्य दो तारीख से ही हो पाएगा। नए साफ्टवेयर के अपलोड होने के बाद विभागीय बजट रिलीज किए जाने पर वेतन भत्तों का भुगतान होगा। इसमें दो से तीन दिन और लग सकते हैं। ऐसे में राज्य कर्मियों को मार्च का वेतन परंपरा अनुसार पांच अप्रैल के बाद ही मिल जाएगा। इसी तरह से महतारी वंदन योजना की दूसरी किश्त का भुगतान भी तीन तारीख के बाद ही हो पाएगा।