रायपुर

ट्रांसपोर्ट ठेके को लेकर आबकारी मुख्यालय में दौड़ा दौड़ाकर मारपीट, रिपोर्ट नहीं
30-Mar-2024 3:49 PM
ट्रांसपोर्ट ठेके को लेकर आबकारी मुख्यालय में दौड़ा दौड़ाकर मारपीट, रिपोर्ट नहीं

'छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 मार्च। 
लभांडी स्थित आबकारी मुख्यालय में ठेकेदारों के बीच शुक्रवार शाम  मारपीट की खबर है। शराब ट्रांसपोर्टिंग के  लिए  टेंडर के दौरान दो पुराने ट्रांसपोर्टरों के बीच जमकर मारपीट हुई। यह मारपीट ट्रांसपोर्ट ठेकेदार रणधीर सिंह और दिनेश अग्रवाल के बीच होने की जानकारी मिल रही है ।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहले दफ्तर के बाहर मारपीट हुई। इसके बाद एक ठेकेदार जान बचाने दफ्तर के भीतर घुसा तो वहां जाकर भी हाथापाई हुई। इसके बाद पूरे दफ्तर में दहशत बना रहा। हालांकि इस संघर्ष में किसी भी अधिकारी कर्मचारी को टच भी नहीं किया गया। इसकी जानकारी आबकारी सचिव श्रीमती संगीता को भी दी गई गई । 

दोनों में किसी भी पक्ष और न आबकारी विभाग की तरफ से भी किसी ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। बताया गया कि ट्रांसपोर्टिंग के ठेके को लेकर बीते पखवाड़े भर से टसल चल रही थी। विभाग और आबकारी निगम ने प्रदेश को 15 जोन में बांटकर शराब परिवहन के लिए ट्रांसपोर्टर से   आफर मंगाए थे। एक करोड़ के टर्न ओवर वाले ट्रांसपोर्टर आफर दे सकते थे। इसमें 52 अन्य के अलावा अग्रवाल और सिंह ने भी रेट आफर दिया था। वहीं कुछ भाजपा नेताओं ने भी रेट आफर दिया था। लेकिन बड़े हस्तक्षेप के बाद इन्होंने नाम वापस लिए।

सिंह ,अग्रवाल दोनों पिछले 4-5 वर्ष से विभाग में  काम कर रहे हैं । ये दोनों शराब घोटाले के आरोपी अनवर ढेबर के करीबी बताए जा रहे हैं।  और मूलत बिहार के ट्रांसपोर्टर हैं। अपनी ट्रकों के अलावा कुछ किराए पर लेकर यह काम करते रहे हैं। पूरा झगड़ा परिवहन दर को लेकर बताया गया है । विभाग ने इस बार अंग्रेजी शराब की बोतलों से भरे  प्रति कार्टून परिवहन की दर पिछली सरकार के 25 रूपए को घटाकर 13 रूपए कर दिया था। 

वहीं जगदलपुर के लिए पुरानी दर 80 को कम कर 40रूपए किया गया । इसे लेकर विभाग से नेगोसिएशन के कई दौर चले लेकिन सचिव नहीं मानीं। उसी दर पर रेट आफर मांगने पर एल-1 ठेकेदार अग्रवाल गु्रप ने और कम करते हुए एक बड़े इलाके का ठेका हासिल कर लिया। पूर्व में यह कांट्रेक्ट अनवर की मदद से  सिंह ने लिया था और अग्रवाल बाहर कर दिया गया ।इसे सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दे अग्रवाल ने कोर्ट के आर्डर से कांट्रेक्ट लिया। इस विवाद ये बीच शनिवार को दोबारा रेट आफर खोले जाएंगे। कल जैसी पुनरावृत्ति न हो इसके लिए आबकारी पुलिस के साथ तेलीबांधा थाने के बल को भी अलर्ट किया गया है। 

ढेबर का भी हिस्सा रहता 
सूत्रों का कहना है कि ट्रांसपोर्ट  रेट कांट्रेक्ट में भी अनवर ढेबर को बड़ा हिस्सा जाता रहा है।कांग्रेस सरकार में ये दोनों, ढेबर की मदद से काम करते।  25 रूपए प्रति कार्टून में ले तीन रूपए ढेबर समूह को जाता था। पिछले वर्ष अग्रवाल से काम छीन लिया गया था। और तब से दोनों में मनमुटाव बढ़ गया था।
 


अन्य पोस्ट