रायपुर

केन्द्र लोकतंत्र को कमजोर कर रहा-सचिन
21-Mar-2024 6:54 PM
केन्द्र लोकतंत्र को कमजोर कर रहा-सचिन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 21 मार्च। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र की सरकार लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर करने का काम कर रही है।

पायलट गुरूवार को यहां पहुंचे। और माना एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा में इलेक्टोरल बॉंड पर सियासत को लेकर कहा कि इलेक्टोरल बॉंड को सुप्रीम कोर्ट ने अवैध घोषित किया है। राहुल गांधी कह चुके हैं यह वसूली का तंत्र बन गया है। दुनिया ने पहला प्रकरण देखा जब सरकार के तंत्र के तहत ऐसा व्यापक घोटाला हुआ है।

पायलट ने कहा कि भाजपा के खातों को सीज करना चाहिए। केन्द्र सरकार कांग्रेस के खाते सीज कर रही है। देश में स्वतंत्र पारदर्शी चुनाव कराने की जिम्मेदारी चुनाव आयोग की है। चुनाव आयोग को इसका संज्ञान में लेना चाहिए, और कार्रवाई करनी चाहिए। इलेक्टोरल बॉंड की नीति और नीयत में फर्क आया है।

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि देश में आम चुनाव घोषित हो चुके हैं। कांग्रेस के प्रमुख विपक्षी दल हैं। कांग्रेस के साथ जिस तरह का बर्ताव केन्द्र सरकार कर रही है वह अब तय हो चुका है। भारी मात्रा में पैसों को जब्त करना, और 32 साल पुराने आयकर प्रकरण का कोई केस थमा देना बहानेबाजी कर आर्थिक रूप से कांग्रेस को प्लेइंग फील्ड न देना यह आचार संहिता और नैतिकता का उल्लंघन है। इस तरह की कार्रवाईयों पर रोक लगाई जानी चाहिए।

पायलट ने कहा कि इस तरह से काम करना और प्रतिशोध की भावना से काम करना लोकतंत्र को कमजोर करने के बराबर है। दस साल के भाजपा विपक्ष की जिम्मेदारी निभा रही है। आज चुनाव का समय आया है, तब जानबूझकर बदले की भावना से कांग्रेस को कमजोर करने का काम भाजपा कर रही है।

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि कुछ सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए गए हैं। चंद सीटों पर घोषणा बाकी है। सीईसी का मंथन हो चुका है, और जल्द बचे नाम पर कांग्रेस सूची जारी करेगी। प्रत्याशियों का प्रचार बढिय़ा कर रहा है। इस बार अप्रत्याशित परिणाम आने वाले हैं।


अन्य पोस्ट