रायपुर

संविदा विद्युत कर्मियों में नाराजगी, निर्देश का विरोध प्रारंभ
17-Mar-2024 7:12 PM
संविदा विद्युत कर्मियों में नाराजगी, निर्देश का विरोध प्रारंभ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 17 मार्च। छत्तीसगढ़ विद्युत पावर वितरण कंपनी के संविदा लाइनमैन कर्मचारियों ने पूर्ववर्ती सरकार में लंबा आंदोलन कर विद्युत सुधार के दौरान दुर्घटनाग्रस्त लाइनमैन एवं उनके आश्रित परिवार को कंपनी में अनुकंपा नियुक्ति देने, मुआवजा देने, व रिक्त पदों पर नियमितीकरण की मांग के लिए लंबा आंदोलन किए थे। तब सरकार ने सिर फुटने तक मारपीट कर बूढ़ातालाब धरना स्थल से खदेड़ा था। कर्मचारी नेता विजय कुमार झा ने कहा है कि लाइनमैन लोगों के साथ पूर्ववर्ती सरकार के अन्याय के खिलाफ भाजपा सरकार बनाने में महती भूमिका अदा की गई है।

अब पुन: नवगठित सरकार में लाइनमैन के दुर्घटनाग्रस्त होने, दिव्यांग होने पर उसे नौकरी से निकलने संबंधी अमानवीय, असंवेदनशील निर्णय नवनिर्वाचित सरकार में विद्युत मंडल कंपनी द्वारा लिया गया है। वर्तमान में 6000 से अधिक लाइनमैन के पद रिक्त हैं, उसे नियमित घोषित कर नियमितीकरण किया जाना चाहिए। श्री झा ने कहा है कि जबकि बूढ़ा तालाब में 25000 संविदा अनियमित विद्युत मंडल कर्मचारी के नियमितीकरण के मांग के समर्थन में भाजपा के अनेक नेता विपक्ष में रहते हुए बूढ़ा तालाब धरना स्थल गए थे तथा भूपेश बघेल सरकार के अत्याचार का विरोध किए थे।

श्री झा ने आदेश को वापस लिये जाने तथा लोकसभा चुनाव के बाद रिक्त पदों पर कर्मचारियों का नियमितीकरण करने की मांग मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से की है।


अन्य पोस्ट