रायपुर

प्रदेश सरकार पर साढ़े 91 हजार करोड़ से अधिक का कर्जा
12-Feb-2024 4:28 PM
प्रदेश सरकार पर साढ़े 91 हजार करोड़ से अधिक का कर्जा

छोटे भूखंडों की रजिस्ट्री से 6 हजार करोड़ मिला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 फरवरी।
प्रदेश सरकार पर साढ़े 91 हजार करोड़ का कर्ज है। यह मुख्य बजट का 75 फीसदी से अधिक है। यह जानकारी वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी। 

प्रश्नकाल में भाजपा सदस्य अजय चंद्राकर ने जानना चाहा कि राज्य सरकार द्वारा लिए गए ऋण की राशि में से राज्य सरकार द्वारा कितना-कितना प्रतिशत राजस्व एवं पूंजीगत व्यय के उपयोग के लिए किया जा सकता है? इसके जवाब में वित्त मंत्री ने बताया कि प्रदेश में लिए गए ऋण के राजस्व और पूंजीगत व्यय हेतु उपयोग के संबंध में कोई प्रतिशत निर्धारित नहीं हुआ। 

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार पर कुल 91 हजार 520 करोड़ रूपए का कर्जा है। यह 2023 मुख्य बजट का 75.32 फीसदी है। अलग-अलग समय पर लिए गए ऋण की ब्याज दर अलग-अलग है। कुल ऋण पर किए गए वार्षिक ब्याज भुगतान के आधार पर औसत ब्याज दर 7.60 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि महालेखाकार से अंतिम लेखों की जानकारी मासिक रूप से प्राप्त होता है। 

भाजपा सदस्य संपत अग्रवाल के  सवाल कि वर्ष 2021 से दिसंबर 2023 तक कितने ढाई हजार वर्गफीट के छोटे भूखंडों का पंजीयन प्रदेश में हुआ है? इसके जवाब में वित्त मंत्री ने बताया कि जनवरी 2021 से 31  दिसंबर 2023 तक 25 सौ वर्गफीट के छोटे भूखंडों के कुल 3 लाख 44 हजार 884 दस्तावेजों का पंजीयन हुआ है। उपरोक्त दस्तावेजों से 2407 करोड़ 27 लाख की प्राप्ति हुई है। उन्होंने एक सवाल के जवाब में बताया कि कुल पंजीबद्ध दस्तावेज 9 लाख 73 हजार 268 है। और उनसे 6051 करोड़ 34 लाख की प्राप्ति हुई है। 
 


अन्य पोस्ट