रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 फरवरी। शहर में शनिवार को एक ही दिन में तीसरा शूटआउट दर्ज किया गया। पहले मंत्री बंगले में फिर सारनाथ एक्सप्रेस में और देर रात बाद वीआईपी रोड स्थित हाईपर क्लब में। जहां पार्टी के दौरान 11.30 बजे गोली चली ।
गुढिय़ारी के विकास अग्रवाल और भाठागांव निवासी रोहित तोमर के बीच पुराने प्रेम प्रसंग के विवाद के दौरान विकास अग्रवाल ने फायर किया। यह घटना क्लब की पार्किंग में हुई। पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच किसी युवती से पुराने प्रेम संबंध की बात को ले कर वाद विवाद प्रारंभ हुआ जिसमे रोहित तोमर तैश में आ कर विकास अग्रवाल की एसयूवी में तोड़ फोड़ कर हमला किया। इसी दौरान विकास अग्रवाल ने भी रोहित तोमर के ऊपर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायर कर दिया। दोनो आरोपियों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर किया है।
तेलीबांधा पुलिस ने विकास अग्रवाल, रोहित तोमर और उसका साथी सारंग मंधान को गिरफ्तार कर लिया है। रोहित तोमर सूदखोरी के पुराने आरोपी, और राजस्थानी मूवी के एक हिन्दूवादी सेना के मुखिया का भाई है। इस मुखिया पर पूर्व में कई मामले दर्ज हो चुके हैं। ताजा मामले को आपसी कहा सुनी कहकर मामले को थाने से ही निपटाने मुचलके के लिए दोनो पक्षों के दर्जन भर युवकों का सुबह से थाने परिसर डेरा डला हुआ है ।
चुनावी महीनों के बाद एक बार फिर राजधानी के होटल रेस्टोरेंट क्लब आधी रात बाद तक खोलकर रखे जा रहे हैं। जहां शराब परोसी जा रही है। इसी दौरान दो पक्षों में विवाद चाकूबाजी, गोलीबारी तक जा पहुंचता है। कल ही राजधानी में उच्च स्तरीय क्राइम मीटिंग में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस को ताकीद की गई थी।