रायपुर
रायपुर, 7 फरवरी । बुधवार को विधानसभा में निर्माण कार्यों में रोक को लेकर कांग्रेस, भाजपा के विधायकों ने बघेल-साय सरकारों पर छींटाकशी की। प्रश्न काल में बालोद जिले की सडक़ों को लेकर हुई चर्चा में कांग्रेस की संगीता सिन्हा ने कहा कि काम रोक दिए जाने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है । लोनि मंत्री साव ने कहा कि बीते पांच साल में सरकार ने काम किया होता ते यहां बोलना नहीं पड़ता। कुंवर निषाद ने भी कहा कि एएस न मिलने से जर्जर सडक़ों में पत्थर गिट्टी से परेशानी हो रही है । भाजपा के धर्मजीत सिंह ने कहा कि दो महीने में ही परेशानी होने लगी है। गिट्टी पत्थर पड़ रहे हैं। पिछले पांच साल तक जो हम बड़े बड़े बोल्डर खाते रहे तब नहीं दिखा। राजेश मूणत ने कहा कि बिना एएस के हजारों टेंडर हो गए। काम शुरू नहीं कर पाए और कमीशन खाकर चले गए। इस पर संगीता, कुंवर अनिला व अन्य विधायक अपनी अपनी बातें रख शोर मचाने लगे। एक ने कहा कि आपका स्काई वॉक का कमीशन कहां गया। इस पर मूणत ने कहा कि घोटाला बोलते रहे, पांच साल में क्या कर लिए। अब पूरा बनेगा। धर्मजीत सिंह ने कहा रमन सिंह के कार्यकाल में स्वीकृत कार्यों को भी बघेल ने निरस्त कर दिया था । चलते काम को रोक दिया गया । आप करो तो पुण्य हम करें तो पाप, यह नहीं चलेगा ।