रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 फरवरी। आटो में भूले लाखों के बैग को तीन दिन सुरक्षित रख आटो चालक ने पुलिस को सौंपा। पुलिस ने यह बैग महिला के सुपुर्द किया।
अशोका रतन शंकर नगर निवासी श्रीमती दीपाली गुप्ता 3 फरवरी को रांची से ट्रेन से वापस रायपुर आई थीं। रात्रि 10:00 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन से अपने घर के लिए आटो से रवाना हुई । करीब 11:15 बजे घर पहुंकर आटो से सामान उतारा लेकिन एक बैग भूल गईं। उसमें जेवरात एवं नगदी कुल कीमत लगभग 5,50,000/- रूपये थे। इस पर श्रीमती दीपाली गुप्ता रात ही थाना पण्डरी में लिखित सूचना दी । पंडरी पुलिस ने एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट सी मदद से पतासाजी शुरू की।
दीपाली से विस्तृत पूछताछ के साथ ही पुलिस ने आटो व आटो चालक के संबंध में जानकारी एकत्र करना प्रारंभ किया गया। रेलवे स्टेशन से लेकर दीपाली के घर तक के मार्गो सहित आसपास लगे सी.सी.टी.व्ही. कैमरों के फुटेज देखे। इसमें आटो तथा चालक की पहचान बाबू खान निवासी गाजीनगर बीरगांव थाना उरला के रूप हुई। पुलिस ने बाबू खान से संपर्क किया। आटो चालक ने ईमानदारी का परिचय देते हुए बैग को सही सलामत रखते हुए पुलिस के जरिए बैग को दीपाली को वापस किया। गुप्ता परिवार ने पुलिस की प्रशंसा और धन्यवाद दिया ।