रायपुर

महतारी वंदन योजना पर दीपक-संजय आमने-सामने
06-Feb-2024 7:46 PM
महतारी वंदन योजना पर दीपक-संजय आमने-सामने

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 6 फरवरी। महतारी वंदन योजना को लेकर कल से फार्म जमा करने का सिलसिला शुरू होने के साथ ही  कांग्रेस, भाजपा में वार पलटवार भी तेज हो गया है । पीसीसी चीफ दीपक बैज ने एक बयान में कहा कि भाजपा ने प्रदेश की महिलाओं के साथ छल किया है ।विधानसभा चुनाव के समय भाजपा ने प्रदेश की लाखों महिलाओं से फ़ार्म भरवाया और पहली किस्त भी दे दिया था फिर अब महिलाओं को लाइन में लगाकर क्यो फ़ार्म भरवाया जा रहा है।विधानसभा चुनाव के समय भरवाये गये लाखों महतारी वंदन के फ़ार्म कहा चले गये भाजपा को बताना चाहिए।

इसका जवाब देते हुए भाजपा प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा ने विपक्ष में रहते हुए छत्तीसगढ़ की महतारियों से वादे किए थे, उस वादे के अनुरूप राशि जारी करने की तैयारी सरकार कर रही है। श्रीवास्तव ने कहा कि महिलाओं का सम्मान हो रहा है तो ऐसे समय में कांग्रेस के पेट-तकलीफ हो रही है। कांग्रेस महिलाओं का अपमान करने में पीछे नहीं रही है।

घोषणा पत्र में हमने महतारी वंदन का जिक़्र किया था, जबकि कांग्रेस के घोषणा पत्र में ऐसा कोई जिक्र नहीं था. हमारी घोषणा के बाद उन्होंने ने भी घोषणा की. उनके द्वारा ज़्यादा राशि रखे जाने के बाद भी महिलाओं ने बीजेपी पर भरोसा जताया।भाजपा नेता ने कहा कि महिलाओं से जो वादा बीजेपी करती है, उस काम को हमने किया है। उनके खाते में पैसा जाएगा। कांग्रेस ने पांच साल पहले शराबबंदी का वादा किया था, लेकिन शराब से अवैध आय के ज़रिए अपने घर को मज़बूत किया. छत्तीसगढ़ को कांग्रेस ने दूषित करने का काम किया।


अन्य पोस्ट