रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 फरवरी। प्रदेश की महिला स्व सहायता समूहों ने एक अरब से अधिक का कर्जा लिया है। इनमें से 11 करोड़ से अधिक का कर्ज माफ किया गया है। यह जानकारी महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।
भाजपा सदस्य अनुज शर्मा के सवाल के लिखित जवाब में महिला बाल विकास मंत्री ने बताया कि प्रदेश के 33 जिलों में कुल 30296 महिला स्व सहायता समूह कार्यरत हैं। योजना के प्रारंभ(2003-04) से कुल 33637 महिला स्व सहायता समूहों के द्वारा महिला कोष से 1 अरब 9 करोड़ 31 लाख 94 हजार 480रूपए कर्ज लिया गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य शासन के पत्र के द्वारा महिला स्व सहायता समूहों की ऋण माफी का आदेश 14 सितंबर को जारी किया गया था। जारी आदेश के परिपालन वर्ष 2018-23 के बीच कुल 5845 महिला स्व सहायता समूहों की कुल राशि 11 करोड़ 6 लाख 81 हजार रूपए माफ किया गया। वर्तमान में कर्ज माफी का कोई प्रकरण लंबित नहीं है। शासन स्तर पर लिए गए निर्णय अनुसार महिला स्व सहायता समूहों द्वारा रेडी-टू-ईट का निर्माण नहीं किया जा रहा है।