रायपुर

77 शराब दुकानें स्कूल-कॉलेज और अस्पताल व सडक़ किनारे
06-Feb-2024 4:21 PM
77 शराब दुकानें स्कूल-कॉलेज  और अस्पताल व सडक़ किनारे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 फरवरी।
प्रदेश में देशी, और विदेशी शराब की साढ़े 6 सौ से अधिक दुकानें चल रही है। इनमें से 77 दुकानें स्कूल-कॉलेज, और अस्पताल व सडक़ किनारे संचालित हैं। यह जानकारी सीएम विष्णुदेव साय ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी। 

भाजपा सदस्य अनुज शर्मा के सवाल के जवाब में सीएम ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 339 देशी, 333 विदेशी शराब कुल मिलाकर 672 दुकानें चल रही हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में संचालित देशी, और विदेशी शराब दुकानों में से स्टेट हाईवे, नेशनल, स्कूल-कॉलेज अथवा अस्पताल के सौ मीटर के दायरे में 77 देशी और विदेशी दुकानें संचालित हैं।

उन्होंने बताया कि आबकारी अधिनियम में यह साफ है कि शराब दुकानों की दूरी धार्मिक, शैक्षणिक, और अस्पताल से 50 मीटर या उससे अधिक होना निर्धारित है। ऐसी शराब दुकानें जिनमें शराब के उपभोग की सुविधा न हो, उपरोक्त सामान्य प्रयोग के नियम लागू नहीं होते हैं। 

सीएम ने बताया कि शराब दुकानों में वर्तमान में 7 प्लेसमेंट एजेंसियों के कर्मचारी कार्यरत हैं, और सभी छत्तीसगढ़ के निवासी हैं। एक सवाल के लिखित जवाब में 4 प्लेसमेंट एजेंसियों से चोरी, गबन या अन्य कारणों से 22 लाख 2940 रूपए जमा कराए गए हैं। 
 


अन्य पोस्ट