रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अभनपुर, 6 फरवरी। नेताजी सुभाष महाविद्यालय, बेलभाठा, अभनपुर, शिक्षा संकाय एवं एनएसएस इकाई के संयुक्त तत्वाधान में एक दिवसीय सामुदायिक स्वास्थ्य परीक्षण एवं सामाजिक जन चेतना शिविर का आयोजन ग्राम पंचायत पटेवा, बाजार चौक में आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्राम वासियों को सामुदायिक स्वास्थ्य एवं शिक्षा विकास की उन्नति हेतु जन-चेतना एवं स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम के माध्यम से प्रेरित किया गया।
इस एक दिवसीय सामुदायिक स्वास्थ्य परीक्षण एवं सामाजिक जन चेतना शिविर में बी.एड. छात्र/छात्राओं एवं एन.एस.एस इकाई द्वारा ग्राम भ्रमण कर स्वास्थ्य एवं सामाजिक जन-चेतना संदेशों का प्रचार-प्रसार किया साथ ही ग्राम के विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य उन्नयन संबंधी नुक्कड़ नाटक, नशा मुक्ति आन्दोलन, स्वास्थ्य शिक्षा व शिक्षा विकास संबंधी जानकारियों के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य के उन्नति पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामवासियों के सामाजिक जन-चेतना व पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने में विशेष भूमिका निभाई।
शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अभनपुर के सहयोग में डॉ शैलेन्द्र पहरे, चिकित्सा अधिकारी, विरेन्द्र सिन्हा, सी.एच.ओ., शिव साहू, आर.एच.ओ. (महिला), मनोज कुमार साहू, आर. एच.ओ. ने प्रात: 10 बजे से संध्या 04 बजे तक उपस्थित रहकर स्वास्थ्य परीक्षण किया गया एवं चिकित्सकों एवं उनकी टीम द्वारा लगभग 200 व्यक्तियों को विभिन्न रोगों के सम्बन्धित उपचार, सलाह, मधुमेह व रक्त परीक्षण एवं नि:शुल्क दवाईयों का वितरण किया गया।
शिविर के उद्घाटन समारोह के अवसर पर ग्रा.पं. के सरपंच, भेनमति राजू पाल, उपसरपंच, समस्त पंचगण ग्राम पंचायत पटेवा, एवं डॉ. आशीष दीवान (एसो, प्रो. नेताजी सुभाष महाविद्यालय, अभनपुर) के अध्यक्षता में डॉ. आर.के. तिवारी (कार्यक्रम अधिकारी) मेघराज तारक (रा.से.यो.कार्यक्रम अधिकारी), डॉ. त्रिवेणी साहू, ऋचा शर्मा व महाविद्यालय के अन्य स्टॉफ सहित छात्र-छात्राओं के साथ ग्राम पंचायत-पटेवा के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।