रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 फरवरी। आईपीएस अफसरों के तबादले के साथ छत्तीसगढ़ पुलिस में पहली बार एक नई व्यवस्था बनाई गई है। बस्तर के नक्सल मोर्चे पर तैनात राज्य सशस्त्र बलों को एक कमान के नीचे लाकर डीआईजी पदस्थ किया गया है। अब तक सभी बटालियन आईजी बस्तर रेंज के अधीन रहीं हैं। बस्तर में इस समय एक दर्जन राज्य बल की बटालियने तैनात है।
वहीं दूसरा राजधानी में एटीएस (एंटी टेरेरिस्ट स्क्वाड) में एसपी की पोस्टिंग। रमन शासनकाल में गठित एटीएस का एक नोटिफाइड थाना भी है। इसकी कमान इन्वेस्टिगेशन के माहिर अफसरों में गिने जाने वाले एसपी अजातशत्रु बहादुर सिंह को दी गई है।
उन्होंने राजधानी में एएसपी रहते कई पेचीदा मामलों की तहकीकात कर अपराधियों को पकड़ा है। वहीं बिलासपुर में पत्रकार हत्याकांड और वर्ष 2016-17 के अश्लील सीडी कांड के अपराधियों, संलिप्तों को दिल्ली से धरदबोचा था।