रायपुर

अमरजीत के खिलाफ कार्रवाई बदले की भावना से- दीपक बैज
04-Feb-2024 8:23 PM
अमरजीत के खिलाफ कार्रवाई बदले की भावना से- दीपक बैज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 4 फरवरी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने रविवार को यहां कहा कि पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के यहां की कार्रवाई बदले की भावना से हो रही है। महतारी वंदन योजना को लेकर बैज ने कहा लाखों महिलाओं को लाभ नहीं मिलेगा। भाजपा छत्तीसगढ़ की महिलाओं को केवल लालच देने का काम कर रही है। योजना में संविदा कर्मचारियों के परिवार तक को लाभ नहीं मिल रहा है।

मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि, सत्ता में आने के बाद पिछले 15 सालों में भाजपा जिस तरह से छत्तीसगढ़ की जनता को ठगने का काम किया है, उसी रवैया से एक बार फिर करेगी। उन्होंने कहा कि, भाजपा ने कहा था कि सभी महिलाओं को 12,000 देंगे तो उन्हें इसके लिए पूरा पैसा देना चाहिए।

जबकि इसके लिए क्राइटेरिया तय करना चाहिए। सीमाएं तय करके छत्तीसगढ़ की आधी आबादी की महिलाओं को व बहनों को उन्होंने लाभ से वंचित कर दिया। महिलाओं के हक की लड़ाई के लिए कांग्रेस पर विचार कर रही है। कांग्रेस छत्तीसगढ़ की माता बहनों के साथ खड़ी है।

बैज ने अमरजीत भगत के यहां कार्रवाई पर कहा कि बीजेपी केवल बदले की भावना से काम कर रही है। ईडी, सीबीआई, आईटी के माध्यम से बदनाम करने का प्रयास किया। अब लोकसभा नजदीक है, तो डराने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा, कांग्रेस सरकार की कई योजनाओं की समीक्षा करके उन्हें बंद कर सकती हैं। इस पर बैज ने कहा यह सिर्फ बंद करने का बहाना है। योजनाओं को जनता के घर-घर तक पहुंचाने की कांग्रेस सरकार की मंशा थी, लेकिन भाजपा की सरकार उन्हें लाभ न पहुंच के केवल बहाने के जरिए बंद करने का रास्ता ढूंढ रही है।


अन्य पोस्ट