रायपुर

अवैध प्लाटिंग,निर्माण पर कार्यवाही, ईडब्ल्यूएस जमीन को संरक्षित करेगा नगर निगम
02-Feb-2024 6:36 PM
अवैध प्लाटिंग,निर्माण पर कार्यवाही, ईडब्ल्यूएस जमीन को संरक्षित करेगा नगर निगम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 2 फरवरी। भवन अनुज्ञा विभाग की सलाहकार समिति की बैठक महापौर एजाज ढेबर की अध्यक्षता में हुई। इसमें एम आईसी सदस्य श्रीकुमार मेनन, आयुक्त अबिनाश मिश्रा सहित सलाहकार समिति सदस्य मौजूद रहे।

बैठक में आयुक्त श्री अबिनाश मिश्रा ने जोन क्रमांक 9 एवं 10 के क्षेत्र में हो रही अवैध प्लाटिंग के सभी प्रकरणों पर नियमानुसार कड़ी कार्यवाही अभियान चलाकर करने के निर्देश जोन नगर निवेश विभाग के अधिकारियों को दिये।आयुक्त ने निर्देशित किया कि सभी जोनों के नगर निवेश अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि नगर निगम क्षेत्र में कहीं पर भी अवैध प्लाटिंग की शिकायत लंबित ना रहे।अवैध प्लाटिंग के  प्रकरण की जानकारी मिलते ही सम्बंधित जोन का नगर निवेश विभाग तत्काल अभियान चलाकर स्थल पर कड़ी कार्यवाही करे।महापौर  एजाज ढेबर, एमआईसी सदस्य  श्रीकुमार मेनन ने अवैध निर्माण के सभी प्रकरणों पर नियमानुसार कड़ी कार्यवाही अभियान चलाकर करने के निर्देश दिये है।साथ ही  निगम क्षेत्र के विभिन्न स्थानों में नालों पर हुए अवैध कब्जोँ को अभियान चलाकर प्राथमिकता से हटाने के निर्देश अधिकारियों को दिये हैँ।सलाहकार समिति की बैठक में सदस्य वार्ड पार्षदों ने सुझाव दिये।. ईडब्ल्यूएस मकानों हेतु नियमानुसार बिल्डर्स द्वारा छोड़ी गयी भूमियों को संरक्षित रखने के निर्देश दिये गये।

नियमितीकरण के पांच हजार प्रकरण

इसी तरह से  निगम क्षेत्र के आवासीय एवं व्यवसायिक क्षेत्रों के नियमितीकरण करवाने प्राप्त किये गये लगभग 5000 से अधिक आवेदनों पर अनुमति देने का आग्रह किया। इसे लेकर महापौर ने कल कलेक्टर से भी मुलाकात की।


अन्य पोस्ट