रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 फरवरी। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा व कौशल विकास मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाक़ात की। इस दौरान उन्होंने केंद्र द्वारा संचालित योजनाओं के बजट में वृद्धि की मांग के साथ ही छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में नवोदय विद्यालय व केंद्रीय विद्यालय शुरू किए जाने का अनुरोध किया।
शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि केंद्र की योजनाएँ समग्र शिक्षा, पीएम श्री योजना, मध्यान भोजन आदि में केंद्र व राज्य की हिस्सेदारी 40:60 प्रतिशत है। कई वर्षों से बजट के विभिन्न उपमदों के लिए निर्धारित दर में वृद्धि नहीं किए जाने से राज्य सरकार को दिक्कतें आ रही हैं। श्री अग्रवाल ने महंगाई को देखते हुये स्कूली बच्चों को निशुल्क प्रदान किये जाने वाले गणवेश की लागत राशि बढ़ाने की मांग की। इसके साथ ही पीएम श्री योजना के अंतर्गत विगत दो वर्षों में विकसित हुये शालाओं को बेंचमार्क शालाओं के रूप में चयन का अवसर प्रदान करने व उच्चतर माध्यमिक शाला को बेंचमार्क के रूप में शामिल करने का आग्रह किया। मंत्री श्री अग्रवाल ने समग्र शिक्षा के अंतर्गत लइका संवार योजना हेतु 2606 लाख रुपये स्वीकृत करने तथा आरटीई के तहत पूर्व प्राथमिक में प्रवेशित बच्चों के शिक्षण शुल्क की प्रतिपूर्ति के साथ ही योजना की 110.86 करोड़ की राशि स्वीकृत करने का आग्रह किया।