रायपुर

भगत और सहयोगियों के यहां आयकर छापे राशन, कोल घोटाले से जुड़े
31-Jan-2024 3:59 PM
भगत और सहयोगियों के यहां आयकर  छापे राशन, कोल घोटाले से जुड़े

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 31 जनवरी।
पूर्व मंत्री अमरजीत भगत और उनके कारोबारी सहयोगियों के यहां आयकर के छापे कोल और राशन घोटाले में संलिप्तता के सिलसिले में बताए गए हैं। बीते 17 जनवरी को  भगत पर दोनों ही घोटालों में एफआईआर हो चुकी है।

आयकर व राज्य खाद्य विभाग के सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस शासनकाल में करीब 303 करोड़ के राशन घोटाले की रिपोर्ट एसीबी में दर्ज की गई है। 303 करोड़ की गड़बड़ी पूर्व मंत्री भगत विस की चर्चाओं  में स्वीकारते रहे हैं। दो सौ से अधिक राशन दुकानों के जरिए राशन की बड़े पैमाने पर अफरातफरी की जाती रही। इस घोटाले में दर्जन भर से अधिक एफआईआर खाद्य विभाग कर चुका है। वहीं मंत्री रहते भगत कहते रहे हैं कि इसमें से पौने दो सौ करोड़ रूपए राशन दुकानदारों से  रिकवर किए गए हैं। और शेष की वसूली जारी है। 

बता दें कि पूर्व सीएम रमन सिंह विधानसभा में इस घोटाले का खुलासा कर छह हजार करोड़ के राशन की हेराफेरी का हिसाब किताब दे चुके थे। और कांग्रेस सरकार ने जांच कर 303 करोड़ के राशन हेराफेरी की जानकारी दी है । साथ ही भगत के ही कार्यकाल में खाद्य निरीक्षकों की भर्ती में भी लाखों रूपए लेकर चयन करने के मामले सामने आते रहे हैं। आयकर सूत्रों ने बताया कि उनकी नजर भगत के पुत्र आदित्य भगत की शादी के समय से ही अमरजीत भगत और उनसे जुड़े लोगों पर थी। आदित्य ने दुर्ग भिलाई में अपना बड़ा कारोबार फैला रखा है। उनका दूसरा पुत्र और बहु न्यायिक अधिकारी हैं। इधर 450-500 करोड़ के कोल लेवी वसूली और मनी लांड्रिंग घोटाले की एसीबी में दर्ज ईडी की रिपोर्ट में भी अमरजीत भगत का नाम है। ईडी की रिपोर्ट में इस घोटाले के किंगपिन कहे गए सूर्यकांत तिवारी की डायरी में अमरजीत भगत का नाम स्पष्ट है । इसमें तिवारी ने 50 लाख रूपए भगत को देने का उल्लेख किया है।

भगत की तबीयत बिगड़ी,डॉक्टर पहुंचे 

अपने घर पर  आयकर अफसरों की भारी भरकम टीम को देख पूर्व मंत्री अमरजीत भगत की तबीयत बिगडऩे की खबर है। उनको फौरी इलाज देने फैमिली डॉ.विवेक अपने कंपाउंडर को साथ पहुंचे। सुरक्षा कर्मियों ने डॉ.और स्टाफ को चैक और मोबाइल जमा कर भीतर जाने दिया। डॉ.ने भगत को कुछ देर को लिए धूप में बिठाया। 

पीडि़त खाद्य अधिकारीदे रहे जानकारी 
आयकर के शिकंजे में आते ही भगत से पीडि़त रहे खाद्य विभाग के अधिकारी नयी नयी जानकारी देने लगे हैं।  एक अधिकारी ने बताया कि विधायक कॉलोनी में बना उनका आवास सरगुजा कुटीर  , शिवशक्ति समिति के नाम से निर्मित है। विधायक कोटे की जमीन रियायती दर पर लेकर बनाया गया है। यह बंगला दो एकड़ जमीन पर बना हैं जिसमें आवासीय क्षेत्र, गार्डन और मंदिर है। 

पत्नी की संपत्ति में इजाफा

सूत्रों ने बताया कि बीते पांच वर्ष में भगत की संपत्ति(7.55 करोड़ ) तो नहीं बढ़ी लेकिन पत्नी की संपत्ति लगभग सवा करोड़ से अधिक बढ़ गई। कौशल्या भगत की 2018 में 1.59 करोड़ और 2023 में बढक़र 2.87 करोड़ हुई। कौशल्या के नाम मैनपाट, बतौली,अंबिकापुर में बड़े पैमाने पर कृषि भूमि है। वहीं अमरजीत के नाम अंबिकापुर सीतापुर और रायपुर में व्यावसायिक जमीनें है। भगत की एक पाइप फैक्ट्री शिवशक्ति इंडस्ट्रीज भी है। यह जानकारी भगत ने अपने चुनावी शपथ पत्र में भी दी है ।

आयोग ने भी इनपुट दिया

सूत्रों के मुताबिक भगत को लेकर निर्वाचन आयोग से भी इनपुट दिया गया था। विस चुनाव के दौरान आयोग की टीम ने सीतापुर इलाके में साडिय़ां, गर्म कपड़े और छाते भरा ट्रक पकड़ा था। पूछताछ में ड्राइवर ने  कांग्रेस प्रत्याशी के द्वारा वितरित करने मंगाया जाना बताया गया था। आयोग की टीम ने इसे सीज किया था। अब इसके चुनाव खर्च में जुडऩे की जानकारी आ रही है। 

दाढ़ी बनाने वाला उल्टे पांव लौटा

भगत हर बुधवार सुबह नाई से दाढ़ी बनवाते हैं। सो उनका बंधा नाई भी सुबह पहुंचा था।  वह टिकरापारा इलाके में रहता है। साहब के बंगले में भीड़ और पुलिस को देख वह चौंक गया । उसने खड़े लोगों से जानकारी ली। छापे की बात सुनकर वह, वहां से निकल गया। 

आयकर को गुल्लू की तलाश

भगत और सहयोगियों के यहां छापों में शामिल सूत्रों ने बताया कि उन्हें गुल्लू नाम के व्यक्ति की तलाश है। इसे भगत का करीबी बताया जा रहा है। इसे भगत और सहयोगियों के सारे कारोबार, निवेश  की पूरी जानकारी है। आयकर अफसरों से उसे ट्रेस कर उपस्थित होने कहा है ।

सीएएफ की सुरक्षा में अफसर 

करीब चार वर्ष बाद एक बार फिर आयकर विभाग को राज्य सुरक्षा बल की सुरक्षा मिलने लगी है। भगत और सहयोगी कारोबैरियों के यहां पहुंचे आयकर अफसरों को छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) को जवान मुहैया कराए गए हैं। इससे पहले कांग्रेस शासन काल में पूर्व सीएम की उप सचिव, पूर्व मुख्य सचिव के यहां पड़े छापों को दौरान हुई तनातनी के बाद बघेल सरकार ने राज्य बल देने पर अघोषित रोक लगा दी थी। और उसके बाद से केंद्रीय जांच एजेंसियां सीआरपीएफ की मदद लेती रहीं।

नजरे छिपाकर मीडिया को बयान देने निकले भगत को खींचकर भीतर ले जाते आयकर अफसर।


अन्य पोस्ट