रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 जनवरी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर तखतपुर विधायक धरमजीत सिंह भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने महात्मा गांधी सहित देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश पर प्राण न्यौछावर करने वाले वीर बलिदानियों का ऋ ण कभी नहीं चुकाया जा सकता।
महापौर एजाज ढेबर ने समस्त राजधानीवासियों की ओर से टाउन हाल प्रांगण महात्मा गांधी के मूर्ति स्थल पर पूर्व विधायक कुलदीप सिंह जुनेजा, निगम संस्कृति विभाग के अध्यक्ष आकाश तिवारी के साथ पुष्पांजलि दी।
शुक्ला भवन बूढ़ापारा के गांधी चबूतरे, उनके चित्र पर पुष्पांजलि एवं दो मिनट मौन श्रद्धांजलि अर्पित कर छत्तीसगढ़ संघर्ष परिषद ने भी गांधी को याद किया। इस अवसर पर महामंत्री रामअवतार देवांगन, प्रवक्ता नितिन कुमार झा, अधिवक्ता मनोहर जेठानी, विकास गुप्ता, देवमणि पाण्डेय, रवि शर्मा, हमीद खान आदि उपस्थित रहे।
पीसीसी कार्यालय राजीव भवन में भी सुबह श्रध्दांजलि कार्यक्रम हुआ। सुबह मौजूद कांग्रेस जनों ने राष्ट्रपिता की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद दिन भर आने वाले कांग्रेसी चित्र पर पुष्प अर्पित करते रहे। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने अपने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें याद किया। इनमें ब्लॉक अध्यक्ष अशोक सिंह ठाकुर, पार्षद मनीराम साहू और अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
दपूमरे रायपुर मंडल कार्यालय में डी आर एम संजीव कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारियो ने भी 2 मिनिट का मौन रखकर गांधी और शहीदों को श्रद्धांजलि दी । उनके चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए ।मंडल के स्टेशनों एवं कार्यालयों एवं अधीनस्थ इकाइयों पर भी 2 मिनट का मौन रखा गया ।
राजभवन में शहीदों को श्रद्धांजलि
राजभवन में भी दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर सचिव अमृत कुमार खलखो, विधिक सलाहकार राजेश श्रीवास्तव सहित सभी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।