रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 जनवरी। छत्तीसगढ़ में मौसम का करवट बदलने लगा है। एक पश्चिमी विक्षोभ, द्रोणिका के रूप में मध्य क्षोभमंडल में 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर 62 डिग्री पूर्व तथा 30 डिग्री उत्तर में स्थित है। इससे कल 31 जनवरी से दक्षिण से नमी युक्त गर्म हवाओं के आगमन प्रारंभ होने की संभावना है।
इन कारणों से प्रदेश में कल एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने और प्रदेश में न्यूनतम तापमान में वृद्धि संभावित है।
1 फरवरी को बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त गर्म हवा का आगमन लगातार जारी रहने के कारण इस दिन भी हल्की वर्षा होने की संभावना बनी हुई है। वर्षा का क्षेत्र मुख्यत: मध्य छत्तीसगढ रहेगा।
पिछले 2 दिन में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही रात में ठंड कम हुई है। अगले 48 घंटे में पारा 2 डिग्री और ऊपर जाने की संभावना है।
हालांकि अभी सुबह की धुंध से राहत नहीं मिली है। सरगुजा संभाग में भी रात के तापमान में बढ़ोतरी का दौर जारी है। बावजूद इसके अंबिकापुर सबसे ठंडा बना हुआ है। सोमवार को यहां न्यूनतम पारा 8.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
वहीं डोगरगढ़ 31.5 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। बलरामपुर में 8.8, जशपुर में 9.1, और कोरिया में 9.6 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। जबकि रायपुर में न्यूनतम 13.9 डिग्री और अधिकतम 30 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।