रायपुर

शहर में सुविधाएं बढ़ाने एनजीओ की मदद लेगा निगम
30-Jan-2024 2:05 PM
शहर में सुविधाएं बढ़ाने एनजीओ की मदद लेगा निगम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 जनवरी।
नगर निगम कमिश्नर व स्मार्ट सिटी के एमडी अबिनाश मिश्रा ने शहर के स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारियों से विचार-विमर्श कर शहर विकास में उनके सुझाव लिए। इस बैठक में 70 से भी अधिक एनजीओ ने हिस्सा लिया।  कमिश्नर श्री मिश्रा ने कहा है कि सक्रिय संगठनों की मैपिंग जोनवार की जाएगी। स्वच्छता गतिविधियों के साथ ही हर विकास कार्यक्रमों में इनकी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। ये  एनजीओ  स्वच्छता, पर्यावरण, सघन वृक्षारोपण, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, रोजगार, वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं, बच्चों व महिलाओं के अलावा पशु-पक्षियों की बेहतरी के लिए ये एनजीओ निरंतर सक्रिय रहते है। कमिश्नर श्री मिश्रा ने  एनजीओ को हर संभव सहयोग दिया जाएगा। 

उन्होंने आवासीय परिसरों की त्रैमासिक स्वच्छता रैंकिंग पहली बार रायपुर में किए जाने की जानकारी देते हुए बताया कि 06 फरवरी तक नामांकन होंगे एवं 07 से 14 फरवरी तक प्रशासन का अंकेक्षण दल उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेने नामांकित कॉलोनियों की जांच करेगा। इस आधार पर 15 फरवरी को क्लीन-ग्रीन अवार्ड व कॉलोनियों की स्वच्छता रैंकिंग जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि बिल्डर या रेसिडेंशियल वेलफेयर सोसायटी अपना नामांकन 01 फरवरी को जारी हो रही गूगल लिंक पर विस्तृत जानकारी दे सकेंगे। कमिश्नर श्री मिश्रा ने कहा है कि जोनवार उस क्षेत्र के एनजीओ की मैपिंग की जाएगी, इससे अपने क्षेत्र के किसी समस्या के निराकरण के लिए एवं जन जागरूकता कार्यक्रमों में इनकी भागीदारी सीधे तौर पर रहेगी। उन्होंने आगे कहा है कि घायलों, पीडि़तों व जरूरतमंदों को हर संभव व त्वरित सहायता के लिए नागरिकों व प्रशासन के मध्य सेतु का कार्य करें और अपनी उपस्थिति से सहायता के पुनीत कार्य में आगे बढक़र भागीदारी दें। ऐसे एनजीओ व नागरिक जो विषम परिस्थिति में सहायता के लिए आगे आएंगे, उन्हें सम्मानित किया जाएगा। 
शहरी पथ विक्रेताओं की सुविधा हेतु बनी शहर विक्रय समितियों में भी एनजीओ शामिल किए जाएंगे। 
 


अन्य पोस्ट