रायपुर

बीमा पॉलिसी रिन्यूअल के नाम पर वृद्धा से 70 लाख ठगे
29-Jan-2024 4:40 PM
बीमा पॉलिसी रिन्यूअल के नाम पर वृद्धा से 70 लाख ठगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 29 जनवरी। सेवानिवृति पर पूरी रकम मिलने का झांसा देकर बीमा पॉलिसी के नाम पर  दो युवकों ने एक वृद्धा के 70 लाख रूपए ठग लिए। टिकरापारा पुलिस के अनुसार यह धोखाधड़ी सात वर्ष पहले की।

संजय नगर केसरी गली निवासी श्रीमती जस्मिता लकड़ा (68) से दो बीमा एजेंट रामकिशन वर्मा और पुनीत जोशी सात वर्ष पहले 12 जनवरी 17 को श्रीमती लकड़ा से फोन पर बात की। दोनों ने उनकी बीमा पॉलिसी मेच्योर होने और उसकी रकम निकालने के बजाए उसे नयी पॉलिसी में बदलकर सेवानिवृति पर पूरी रकम मिलने की जानकारी दी । श्रीमती जस्मिता के हामी भरते ही रामकिशन, पुनीत ने कथित रूप से पॉलिसी कन्वर्जन की प्रक्रिया शुरू की । और वृद्धा के हस्ताक्षर, अन्य किसी दस्तावेज लिखा पढ़ी के फर्जी तरीके से पेपर्स तैयार किया।इनके जरिए अलग अलग खातों में श्रीमती लकड़ा की पुरानी पॉलिसी के 70 लाख रूपए ट्रांसफर कर लिया। पिछले दिनों रिटायरमेंट के बाद वृद्धा ने दोनों से संपर्क किया तो वे गुमराह कर पैसे मिल जाने की बात कहते रहे। जब जस्मिता ने बीमा कंपनी के आॉफिस जाकर पूछताछ की तो मामले का खुलासा हुआ। और वृद्धा ने कल रात टिकरापारा थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस धारा 420,467,468,34 का अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है। टीआई के मुताबिक दोनों ही छत्तीसगढ़ के बाहर से हैं। यह आनलाइन ठगी का मामला है । सायबर सेल की मदद से पतासाजी की जा रही है।

इधर क्रिप्टो करेंसी की आड़ में युवती से की 10 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। क्रिप्टो करेंसी आनलाइन ट्रेडिंग में लाखों का फायदा कराने का झांसा देकर न्यू पुरैना महावीर नगर निवासी युवती से 10 लाख रुपये ठग लिए। ठगी का शिकार मोनिका यादव (26) की शिकायत पर न्यू राजेंद्रनगर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी अर्चना धुरंधर ने बताया कि मोनिका परिवार के साथ रहकर प्राइवेट जाब करती है। 13 अगस्त 2023 को उनके मोबाइल पर 27624354139 नंबर से काल आया। कालकर्ता ने अपना नाम अंकिता नायक बताकर वाट्सएप के माध्यम से आनलाइन ट्रेडिंग में व्यवसाय करने के लिए टेलीग्राम ग्रुप में जुडऩे का प्रस्ताव दिया। उसकी बातों पर विश्वास कर मोनिका टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ गई।अंकिता ने प्रतिदिन छह हजार रुपये और महीने का 1.80 लाख रुपये कमाने का झांसा दिया।

अंकिता ने टेलीग्राम लिंक भेजकर ग्रुप में जोडऩे के साथ ट्रेडिंग में निवेश के लिए पैसे मांगे। मोनिका ने 13 अगस्त 2023 से 16 सितंबर 2023 के बीच अंकिता के द्वारा बताए गए अलग-अलग बैंक खातों व यूपीआई में दस लाख रुपये जमा कर दिए। ठगी की आशंका होने पर मोनिका ने पैसे वापस करने को कहा तो अंकिता ने कहा कि और पैसे भेजो तभी पहले भेजे गए पैसे वापस होंगे।


अन्य पोस्ट