रायपुर

12 सौ करोड़ जारी होने के बाद भी महतारी वंदन योजना में देरी पर संगठन खफा
29-Jan-2024 4:37 PM
12 सौ करोड़ जारी होने के बाद भी महतारी वंदन योजना में देरी पर संगठन खफा

फार्म भरवाने के नाम पर वसूली भी हो रही

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 29 जनवरी।  महतारी वंदन योजना  के क्रियान्वयन को लेकर महिला बाल विकास की ढिलाई पर संगठन ने सख्त नाराजगी जताई है। संगठन का कहना है कि योजना तत्काल शुरू की जानी थी और मार्च तक तीन किश्त कि भुगतान हो जाना था । लेकिन अब तक एक किश्त भी नहीं दी जा सकी है। इसके उलट लोग फार्म भरवाने का उपक्रम कर अवैध वसूली कर सरकार, विभाग और संगठन की छवि पर बट्टा लगा रहे है ।

 संगठन सूत्रों के मुताबिक वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पिछले माह अनुपूरक बजट के जरिए 1200 करोड़ रूपए  जारी कर दिया है । यह राशि जनवरी से मार्च की तिमाही के लिए दी गई है । पांच वर्ष की इस योजना के लिए हर वित्त वर्ष में राशि दी जाएगी। पहली तिमाही की राशि मिलने के एक माह  बाद भी वितरण शुरू नहीं हो सका है । जबकि सरकार बनते ही मुख्यमंत्री ने घोषणा पत्र मुख्य सचिव और सचिवों को सौंपकर सौ दिनों में लागू करने वाली घोषणाओं पर काम करने कह दिया था। हालत यह है कि एक माह बाद महिला बाल विकास विभाग योजना की नियम प्रक्रिया बना नहीं पाया है। हाल में विभाग की संचालक तूलिका प्रजापति ने पत्र जारी कर सूचित किया है कि नियम बनाए जा रहे हैं।

इधर इस योजना का लाभ दिलाने  महिलाओं से वसूली भी होने लगी है। कुछ लोग शहर - गांंव में घूम घूमकर फार्म भरवा पैसे वसूल रहे हैं।  शुक्रवार को ही संचालक ने ऐसी ही शिकायतों, सूचनाओं पर सभी कलेक्टरों, जिला महिला बाल विकास अधिकारियों को पत्र भेजकर इन पर पुलिस  कार्रवाई करने कहा था । वहीं विपक्षी नेता योजना की शुरुआत में देरी  और वसूली को लेकर हमले कर रहे हैं।  इस संबंध में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, संचालक तुलिका प्रजापति से मोबाइल पर आधा दर्जन से अधिक कॉल करने के बावजूद संपर्क नहीं हो पाया। वहीं मंत्री के निज सहायक ओपी राजवाड़े ने बात कराने की बात कही, लेकिन शाम तक कॉल बैक नहीं आया। उधर उद्योग-श्रम  मंत्री लखन देवांगन ने कोरबा में  कार्यकताओं से  कहा कि महतारी वंदन योजना की राशि बहुत जल्द माताओं और बहनों को मिलेगी। मार्च महीने में एक साथ तीन महीने की राशि का भुगतान होगा। इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया जल्द शुरु होगी।


अन्य पोस्ट