रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 जनवरी। पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर से आने वाली हवा का प्रभाव कम हो रही है। इससे धीरे-धीरे ठंड कम होने लगेगी। फरवरी मध्य से ठंड पूरी तरह खत्म हो जाएगी। और न्यूनतम, अधिकतम तापमान धीरे-धीरे कर बढ़ेगा।
इधर एक पश्चिमी विक्षोभ 31 जनवरी को आने की संभावना है। इस वजह से मध्य छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। यह विक्षोभ दक्षिण से आ रही हवाओं की वजह से आ रहा है। इसके कारण प्रदेश में न्यूनतम तापमान में अगले 5 दिनों तक क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है। साथ ही साथ अधिकतम तापमान में भी थोड़ी वृद्धि के साथ मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वैसे शनिवार को राजनांदगांव से लेकर बीजापुर तक दिन का तापमान 30 डिग्री के करीब रहा। मध्य से लेकर उत्तर छत्तीसगढ़ तक के शहरों में यह तापमान 25-27 डिग्री तक कुछ ठंडा रहा। बीती रात उत्तर छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड रही।
सरगुजा में 6.7, बलरामपुर, और जशपुर में 7.5 से अधिक तापमान दर्ज किया गया। वहीं, दक्षिण में नारायणपुर में 7.9, कांकेर में 9.1, दुर्ग 9.2, और औद्योगिक नगर कोरबा में 10 डिग्री से अधिक रात का तापमान रहा। वहीं बिलासपुर, रायपुर, नांदगांव, में रात कुछ गर्म रही।