रायपुर
कटोरा तालाब में योगा शेड, कुंदरा पारा में शौचालय व पानी टंकी बनाने के निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 जनवरी। संचालक नगरीय प्रशासन, कुंदन कुमार, कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा,सूडा के सीईओ सौमिल रंजन चौबे के साथ विनोबा भावे नगर, कुंदरा पारा, शांति नगर जैसे घनी बसाहट वाली बस्तियों का निरीक्षण किया। इस दौरान रायपु विधायक पुरंदर मिश्रा, आरडीए के पूर्व अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष लोकेश कावडिय़ा सहित स्थानीय निवासियों से उन्होंने सुविधाओं के विस्तार के संबंध में सुझाव मांगे व उनसे फीडबैक भी लिए।
अफसरों ने मुख्य मार्गों सहित बस्तियों के भीतर साफ-सफाई हेतु किए गए प्रबंधों का निरीक्षण किया। कुंदरा पारा में विधायक पुरंदर मिश्रा के सुझाव पर बड़ी पानी टंकी, सामुदायिक शौचालय निर्माण नगर निगम को प्रस्ताव बनाने व विधायक निधि से सामुदायिक भवन का प्राक्कलन प्रस्तुत करने निर्देशित किया है। राजा तालाब व इसके समीप बने नाले, विनोबा भावे नगर के जल निकासी हेतु बनी नालियों की साफ-सफाई में घनी बसाहट के कारण मशीनों के पहुंचने में हो रही परेशानी को देखते हुए मैनुअल तरीके से सफाई का प्रबंध करने निर्देशित किया है।
उन्होंने कहा है कि अमृत मिशन योजना का लाभ हर परिवार तक पहुंचे, इसके लिए जोनल अधिकारी नियमित रूप से मिशन-इंजीनियरों के साथ ऐसे क्षेत्रों का पर्यवेक्षण करें एवं समय पूर्व यह सुनिश्चित कर ले कि गर्मी के दिनों में पुराने बसे ऐसे क्षेत्रों में जल संकट की स्थिति निर्मित न हो। नालियों की नियमित सफाई, मच्छरों से बचाव हेतु दवा छिडक़ाव भी निश्चित अंतराल में लगातार किए जाने हेतु भी इन अधिकारियों ने मैदानी अमले को निर्देशित किया है।
निवासियों से चर्चा के दौरान कुंदन कुमार ने सभी घरों से कचरा समय पर बाहर निकालने और इन कचरों को पृथक कर कचरा गाड़ी में देने के साथ ही साथ अपने आस-पास को साफ रखने के जिम्मेदारी का निर्वहन करने की भी सलाह भी दी, जिससे नगर निगम के साथ मिलकर शहर को स्वच्छ रखने में हर नागरिक की भी भागीदारी बढ़े। अधिकारियों ने जोन आयुक्त व जोन स्वास्थ्य अधिकारियों को नियमित भ्रमण कर नागरिक सुझाावों के अनुरूप सुविधाओं के उन्नयन करने कहा है।
इसके पूर्व, संचालक कुमार कटोरा तालाब में बने उद्यान, चौपाटी व नागरिक सेवा से जुड़ी सुविधाओं की भी जानकारी ली। निरीक्षण भ्रमण के दौरान सूडा, निगम और रायपुर स्मार्ट सिटी लि. के अधिकारी भी साथ थे। कटोरा तालाब की दीवारों के आकर्षक रंग-रोगन, आवश्यकता अनुसार विद्युत रोशनी से सजावट व सामान्य रख-रखाव को व्यवस्थित करने के लिए उन्होंने कहा, जिससे कि सैर के लिए आने वालों को यह तालाब और भी आकर्षक लगे। नागरिकों से फीडबैक के दौरान मिले सुझाव अनुसार कटोरा तालाब परिसर में योगा शेड बनाने, टूटी जाली को सुधारने हेतु भी निगम अधिकारियों को निर्देशित किया।