रायपुर

बघेल को जमानत दिलाने वाले वकील को नोटिस, आज शाम तक जवाब देना होगा
25-Jan-2024 1:25 PM
बघेल को जमानत दिलाने वाले वकील को नोटिस, आज शाम तक जवाब देना होगा

नोएडा/रायपुर।  गौतमबुद्ध नगर (नोएडा )जिला बार एसोसिएशन ने  न छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल  को जमानत दिलवाने वाले वकील को  कारण बताओ नोटिस जारी किया है। रायपुर के एक वकील ने अपने नोएडा संपर्कों के हवाले से बताया है कि 

बार एसोसिएशन का आरोप है कि हड़ताल होने के बावजूद पूर्व सीएम के वकील ने एसोसिएशन के नियमों को ताक पर रखकर जमानत करवाई गई है। एसोसिएशन के अध्यक्ष उमेश भाटी ने बताया कि सोमवार को पूरा देश श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठान कार्यक्रम में व्यस्त था। न्यायालय में कार्य होगा या नहीं, असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। इस वजह से बार के वकीलों ने कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया था। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता रजनीश यादव ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की जमानत न्यायालय में प्रस्तुत होकर करवाई। इसको लेकर मंगलवार को बार के पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि अधिवक्ता को नोटिस देकर उनसे स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। उन्हें नोटिस का जवाब 25 जनवरी की शाम तक देने का समय दिया गया है।

साल-2022 में दर्ज हुआ था केस
मालूम हो कि साल-2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान छत्तीसगढ़ के तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कांग्रेस प्रत्याशी पंखुड़ी पाठक का प्रचार करने नोएडा आए थे। इस दौरान उनके खिलाफ महामारी अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज हुआ था। बघेल सोमवार को पूर्व प्रत्याशी और अपने समर्थकों के साथ न्यायालय पहुंचे और कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत हुए। उनके अधिवक्ता रजनीश यादव ने बहस की तथा न्यायालय ने उन्हें जमानत दे दी।


अन्य पोस्ट