रायपुर

कुर्की वारंट लेकर पहुंचे निगम कर्मी, बड़े बकायादार ने तत्काल सौंपा 8.50 लाख का चैक
24-Jan-2024 8:01 PM
कुर्की वारंट लेकर पहुंचे निगम  कर्मी, बड़े बकायादार ने तत्काल सौंपा 8.50 लाख का चैक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 24 जनवरी। बुधवार को नगर निगम जोन 10 के राजस्व विभाग की टीम ने वार्ड- 53 के  बड़े बकायादार सिटी होंडा शो रूम के संचालक से लाखों का टैक्स वसूला।

इससे पहले जोन कमिश्नर दिनेश कोसरिया के नेतृत्व  कर्मचारी शो रूम पहुंचे और प्रॉपराइटर  कैलाश खेमानी को कुर्की वारंट सौंपना चाहा। तभी कैलाश ने राजस्व विभाग की टीम को वर्ष 2020-21 से वर्ष 2023-24 तक का सम्पूर्ण बकाया की राशि 8 लाख 50 हजार रूपये का चेक सौंपा। इससे पहले डिप्टी सीएम से मिले निर्देशानुसार  निगम  आयुक्त अबिनाश मिश्रा ने सभी जोन कमिश्नरों को  बड़े बकायादारों पर नियमानुसार कड़ी कार्यवाही करने फ्री हैंड कर दिया है ।

मिश्रा ने आज  समयसीमा सम्बंधित प्रकरणों को लेकर समीक्षा की। अपर आयुक्त अभिषेक अग्रवाल, शैलेन्द्र पाटले, विनोद पाण्डेय, उपायुक्त श्रीमती कृष्णा खटीक, ए. के. हालदार, डॉक्टर आर. के. डोंगरे, अधीक्षण अभियन्ता  राजेश शर्मा,सभी जोन कमिश्नर, ईई उपस्थित रहे। 

आयुक्त ने सभी 10 जोनों के बड़े बकायादारों से सम्पूर्ण बकाया राजस्व की वसूली करने सम्बंधित संस्थानों में सीलिंग की कार्यवाही करने के निर्देश दिए । आयुक्त ने  सभी बड़े बकायादारों को तत्काल अपना सम्पूर्ण बकाया नगर निगम के राजस्व विभाग को अदा करने  कहा है। अन्यथा की स्थिति में कर अदायगी नहीं करने वाले सम्बंधित सभी बड़े बकायादारों के सस्थानों में सीलिंग की कार्यवाही करने कहा है।


अन्य पोस्ट