रायपुर
सीएम और बृजमोहन ही शेष
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 जनवरी। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने डिप्टी सीएम अरूण साव की उपस्थिति में लोनिवि, पीएचई व नगरीय प्रशासन के बजट को विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा एवं समीक्षा बैठक की।
बैठक में नगरीय निकायों के अधोसंरचना, स्मार्ट सिटी रायपुर- बिलासपुर, राजकीय राजमार्गों के निर्माण व रखरखाव एवं अमृत मिशन जैसी विभिन्न योजनाओं के बजट तथा अनुदान को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान जल की गुणवत्ता की ऑनलाइन मॉनिटरिंग, जल जीवन मिशन डैश बोर्ड एवं राज्य पोर्टल निर्माण जैसे महत्वपूर्ण सुझाव भी प्राप्त हुए।
श्री चौधरी एवं श्री साव ने विभागों के बजट की समीक्षा एवं महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए। इसके साथ ही 9 मंत्रियों के विभागों के बजट प्रस्तावों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। अब केवल सीएम विष्णुदेव साय और मंत्री बृजमोन अग्रवाल के ही विभागों पर चर्चा होनी है। ये दोनों इसी सप्ताह कर लिए जाएंगे। उसके बाद कैबिनेट की मंजूरी के बाद प्रकाशन के लिए भेज दिया जाएगा। ओपी चौधरी 5 फरवरी से शुरू हो रहे बजट सत्र के दूसरे सप्ताह में पेश कर सकते हैं।