रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 जनवरी। 22 जनवरी के कार्यक्रम और उसमें शामिल होने को लेकर भाजपा, कांग्रेस नेताओं के बीच रार छिड़ गई है। वन मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस नेताओं से पूछा कि 22 को क्या कर रहे हैं कांग्रेसी । बताएं कि 22 को वे कहां ,किस कार्यक्रम में रहेंगे। मैं तो नारायणपुर में मंदिर में रहूंगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों को स्पष्ट करना चाहिए कि उनकी श्रीराम के प्रति आस्था है या नहीं। इस पर पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने बताया कि वे एमएलए कॉलोनी के मंदिर में पूजा करेंगे। कॉलोनीवासियों को पूड़ी सब्जी खीर बांटेंगे। सीएम और केदार भी वहीं रहते हैं।
दूसरी ओर कांग्रेस ने 22 को उत्सव मनाने का निर्णय लिया है। सभी जिलों के मंदिरों में हनुमान चालीसा पाठ और चंदखुरी में सुंदर कांड का महापाठ का आयोजन किया गया है । प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि चंदखुरी में रायपुर शहर और ग्रामीण जिले के कार्यकर्ता सुंदरकांड का पाठ करेंगे। बैज ने कहा कि भाजपा ने श्रीराम को हाईजेक कर लिया है। हमारी राम पर आस्था है हमें भाजपा से प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं है।