रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 जनवरी। सिवान से लाए कट्टे से टेस्ट फायरिंग के दौरान एक युवक घायल हो गया। यह कट्टा लाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह पूर्व में जेल में सजा काट चुका था । न्यू राजेन्द्र नगर उरला निवासी पुष्पा गुप्ता ने गुरूवार को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके मुताबिक गुरूवार रात करीब 10:30 बजे पुष्पा के भाई रवि गुप्ता पिता संजय गुप्ता उम्र 19 साल ने फोन कर बताया कि उसे चोट लगी है तथा वह उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती है। पुष्पा अस्पताल जाकर चोट के संबंध में पूछताछ करने पर रवि गुप्ता ने बताया कि वह रात्रि करीबन 8:30 बजे काम करने अपने एक्टिवा वाहन से जा रहा था तो रास्ते में उसका दोस्त मोहित साह मिला जो उसके साथ एक्टिवा में पीछे बैठ गया, दोनों उरला स्थित एक निजी फैक्ट्री में काम करते है।
मोहित साह ने रवि गुप्ता को बताया कि वह सिवान बिहार से कट्टा व जिंदा राउंड लेकर आया है जिसे वह चलाकर टेस्ट करना चाहता है। रात्रि 9:30 बजे बृज टेक एण्ड टॉवर कंपनी सरोरा रोड पास पहुंचकर मोहित साह ने राउंड फायर कर टेस्ट करने कट्टा रवि गुप्ता को दिया रवि गुप्ता द्वारा फायर करने पर राउंड फायर नहीं होने से रवि गुप्ता ने कट्टा को मोहित साह को दिया। मोहित साह द्वारा कट्टा से फायर करने पर राउंड फायर होकर गोली रवि गुप्ता के दाहिने कूल्हे में लगी, जिसे मोहित साह द्वारा उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस रिपोर्ट पर उरला में धारा 308 भादवि. 25,27 आर्म्स एक्ट का अपराध दर्ज कर मोहित साह हाल पता - बजरंग नगर सरोरा को पकड़ उसके कब्जे से 1 देशी कट्टा, 6 जिंदा गोलियां 1 राउंड का खाली खोखा जप्त कर कार्यवाही की गयी।पूछताछ में मोहित साहू ने कट्टा व राउंड को सिवान बिहार से खरीद कर लाना बताया । आरोपी मोहित साहू वर्ष 2022 में थाना उरला से लूट के प्रकरण मे जेल निरूद्ध रह चुका है।
