रायपुर

कौन किसका भक्त है यह सर्टिफिकेट भाजपा न बांटे-बैज
15-Jan-2024 4:46 PM
कौन किसका भक्त है यह सर्टिफिकेट भाजपा न बांटे-बैज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 जनवरी।
राहुल गांधी की भारत न्याय यात्रा में शामिल होकर इंफाल से लौटे पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि यात्रा की ऐतिहासिक शुरूआत हुई है। राहुल की इस यात्रा से देश में नए बदलाव का संकेत है। न्याय यात्रा का प्रभाव युवा महिलाओं के बीच चर्चित महंगाई, और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर पड़ेगा। और यही कांग्रेस का एजेंडा होगा। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के विरोध पर बैज ने कहा कि हम ही क्या शंकराचार्य भी लगातार विरोध कर रहे हैं। वे अधूरा निर्माण कहकर इतनी जल्दी उद्घाटन का विरोध कर रहे हैं। शंकराचार्यों ने ही सुझाया है कि रामनवमी में प्राण प्रतिष्ठा हो। बैज ने कहा अच्छा होता पीएम मोदी चुनाव के लिए रोजगार, महंगाई, देश की सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर सामने आते, लेकिन उनके पास कोई मुद्दे नहीं है इसलिए भावनात्मक मुद्दों से जनता की भावनाओं से खेलकर चुनाव लडऩा चाहते हैं। कांग्रेस सरकार में हुए घपले-घोटालों की जांच को लेकर केन्द्रीय मंत्रियों के बयान पर बैज ने कहा उनकी सरकारें हैं कौन रोका है जांच करा लें, लेकिन हमारी कांग्रेस सरकार, और नेताओं को बदनाम  किया जा रहा है। इससे पहले भी तीन साल तक ईडी और आईटी के जरिए साजिशें रची गई। पीसीसी में बदलाव को लेकर बैज ने कहा तमाम बड़े नेताओं से चर्चा कर बदलाव किया जाएगा। सरकारी बंगले में गंगाजल छिडक़ाव पर कहा कि कौन किसका भक्त है यह सर्टिफिकेट भाजपा न बांटें, बीजेपी ने गंगाजल छिडक़ाव को धर्म से जोड़ दिया है। जबकि गंगाजल सभी के लिए पवित्र है। 

राहुल की न्याय यात्रा को लेकर  विधायक राजेश मूणत ने चुटकी लेते हुए कहा कि, जहां -जहां गए वहां बंटाधार हुआ है, 5 राज्यों के चुनाव ने बता दिया, कांग्रेस किस मुंह से बोलती है दलित और पिछड़ा वर्ग, गरीबी नहीं हटा पाई।


अन्य पोस्ट