रायपुर

मटन काटने वाले चापड़ से तीन पर हमला
15-Jan-2024 2:25 PM
मटन काटने वाले चापड़ से तीन पर हमला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 जनवरी।
सिविल लाइन इलाके के गोविंदनगर में रविवार शाम  एक बदमाश फिरोज ने  चापड़ (मांस काटना वाला औजार) लहराते हुए  न केवल महिलाओं को धमकाया, बल्कि सामने आए एक सिविल इंजीनियर समेत तीन लोगों को घायल भी किया।

बदमाश के इस हरकत का वीडियो किसी ने मोबाइल से रिकार्ड कर सोशल मीडिया अपलोड कर दिया। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने मौदहापारा निवासी फिरोज खान उर्फ संजू को चापड़ के साथ दबोच लिया। चापड़ के हमले में घायल तीनों को लहूलुहान हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सिविल लाइन पुलिस के मुताबिक मौदहापारा का आदतन बदमाश फिरोज खान उर्फ संजू रविवार शाम पांच बजे हाथ में चापड़ लहराते हुए गोविंदनगर इलाके में करीब 15 मिनट तक घूमता रहा। इस दौरान उसने आसपास मौजूद लोगों को चापड़ दिखाते हुए मारने की धमकी देकर डरा रहा था।

इसी बीच बदमाश ने सिविल ठेकेदार और गोविंदनगर गुरुद्वारा के सचिव मनिंदर सिंह समेत तीन लोगों पर चापर से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक नशे की हालत में आरोपित संजू उर्फ फिरोज खान को गिरफ्तार किया गया है। बदमाश ने गोविंदनगर निवासी पेशे से सिविल कांट्रेक्टर मनिंदर सिंह रतराज समेत एक ड्राइवर और चौकीदार के सीने, सिर,पैर और हाथ पर हमला किया था। फिलहाल तीनों की हालत खतरे से बाहर है।

और  इलाके के रहवासियों में भय का माहौल बना हुआ है।


अन्य पोस्ट