रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 जनवरी। नमो ऐप, विकसित भारत एम्बेसडर और राम मंदिर दर्शन योजना को लेकर गुरुवार को ठाकरे परिसर में एक दिवसीय कार्यशाला हुई। इसमें नमो ऐप के उपयोग और विकसित भारत एम्बेसडर के 100 दिवसीय चैलेंज को लेकर जिला संयोजकों और सह संयोजकों को ट्रेनिंग दी गई। इसके अलावा राम मंदिर दर्शन के लिए छत्तीसगढ़ से भेजे जाने वाले तीर्थ यात्रियों के समुचित व्यवस्था हेतु रणनीति बनाई गई। इस कार्यशाला में नमो एप राष्ट्रीय संयोजक कुलजीत चहल, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय, राम मंदिर दर्शन प्रदेश संयोजक धरम लाल कौशिक, प्रदेश संयोजक नमो ऐप अमित साहू, आईटीआई सेल प्रदेश संयोजक सुनील पिल्लई, मितुल कोठरी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
सांसद को 30 हजार, विधायक को 15 हजार सदस्य बनाने होंगे
राष्ट्रीय अध्यक्ष चहल ने बताया की अभियान के तहत सांसद विधायक से लेकर प्रदेश, जिला और मंडल स्तर तक के कार्यकर्ताओ को एम्बेसडर बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। जिसमें सांसद 30 हजार, विधायक 15 हजार, प्रदेश पदाधिकारियों को 10 हजार, जिला पदाधिकारी को 5 हजार तथा मंडल पदाधिकारी को एक एक हजार एम्बेसडर बनाने है। इसकी मॉनिटरिंग सीधे के केंद्रीय कार्यालय से की जाएगी। उन्होने प्रदेश के सभी सांसद, विधायक और पदाधिकारियो से इस अभियान को गंभीरतापूर्वक पूरा करने का आव्हान किया।