रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 जनवरी। छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ ने बिलासपुर में संभागीय में प्रदेश स्तरीय बैठक बुलाई। बैठक में ठेका प्रथा बंद कर प्लेसमेंट कर्मचारियों को एक निश्चित अवधि में नियमित करने को लेकर विशेष चर्चा की गई। साथ ही बीजेपी के घोषणा पत्र में 100 दिन के भीतर नगरीय निकायों में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों को चिन्हित कर नियमित किए जाने के वादे को लेकर भी चर्चा की गई। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय एड़े ने कहा कि यदि बीजेपी सरकार भी हमें 100 दिन के भीतर नियमित नही करती, तो प्रदेश के 25 हजार नगर निगम के प्लेसमेंट कर्मचारी रायपुर में महा धरना प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक उपाध्यक्ष खेमूलाल निषाद, संभागाध्यक्ष कौशलेन्द्र सिंह राणा, राहुल मेढ़े, सौरभ यादव व जिलाध्यक्ष तामेश्वर साहू, विकास शर्मा, शक्ति वेल, पवन ताम्रकर आदि जिला अध्यक्ष व निकाय अध्यक्ष एवं पदाधिकारी उपस्थित हुए।
प्रमुख मांगें इस प्रकार है:
1. समस्त नगरीय निकायों से प्लेसमेंट / ठेका प्रथा को समाप्त करते हुए प्लेसमेंट कर्मचारियों को नगरीय निकायों में समायोजन किया जावे तथा 62 वर्ष की आयु तक नौकरी की सुरक्षा प्रदान की जावे।
2. नगरीय निकायों में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों को एक निश्चित समयावधि निर्धारित करते हुए निकायों में नियमित किया जावे।
एक मुश्त संविदा दर पर नियुक्ति।
3. नगरीय निकायों में कार्यरत अकुशल, अर्द्धकुशल, कुशल, उच्च कुशल कर्मचारियों
कर्मचारियों का निकाय में समायोजन करते हुए कलेक्टर, श्रम दर अनुसार वेतन भुगतान।
4. निकाय के प्लेसमेंट कर्मी को 62 वर्ष तक की नौकरी की सुरक्षा ।
5. निकायों में विगत 5-10 वर्षो से निरंतर कार्यरत प्लेसमेंट कर्मी को नियमित किया जाए।
6. निकायों के प्लेसमेंट कर्मी को न्यूनतम 18000 वेतन निर्धारित किया जावे तथा प्रत्येक वर्ष 5 प्रतिशत की वेतन वृद्धि ।
7. बिना किसी ठोस कारण के नौकरी से पृथक न किया जाए।
8. चिकित्सा सुविधा, सार्वजनिक, अर्जित, आकास्मिक, चिकित्सा अवकाश, ग्रेच्युटी, अनुकंपा नियुक्ति जैसी सुविधा ।
9. निकायों के प्लेसमेंट कर्मचारियों का 5 लाख का बीमा ।
10. आकास्मिक निधन होने पर 5 लाख की अनुदान राशि ।