रायपुर
प्राध्यापक बनाने की अनुशंसा भी लंबित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 जनवरी। प्रदेश के 40 सहायक प्राध्यापक बिना पदोन्नति के इस शैक्षणिक सत्र में रिटायर हो रहे हैं। उच्च शिक्षा संचालनालय ने सरकार को पदोन्नति के लिए प्रस्ताव भी भेजा है, जिसमें पात्रता की तिथि से प्राध्यापक बनाने की अनुशंसा की गई है।
हालांकि पदोन्नति प्रस्ताव पर कोई फैसला नहीं हो पाया है। सरकार बदलने के बाद नए उच्च शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल से मिलकर कुछ सहायक प्राध्यापकों ने पदोन्नति से जुड़ी विसंगतियों की तरफ उनका ध्यान आकृष्ट कराया है।
बताया गया कि इस शैक्षणिक सत्र में 40 सहायक प्राध्यापक बिना पदोन्नति के रिटायर हो रहे हैं। यानी जिस पद पर भर्ती हुए थे, उसी पद पर रिटायर हो रहे हैं। यही नहीं, सहायक प्राध्यापकों की पदोन्नति नहीं होने से प्राध्यापक, डिग्री प्राचार्य और पीजी प्राचार्य की कमी हो गई है। करीब साढ़े तीन सौ सहायक प्राध्यापक ऐसे हैं, जिन्हें अब तक पदोन्नति नहीं मिल पाई है। ये सभी अविभाजित मध्यप्रदेश में पीएससी से चयनित हुए थे।
उच्च शिक्षा संचालनालय ने विभाग को प्रस्ताव भेजा है जिसमें कहा गया है कि जिस तिथि से सहायक प्राध्यापक, प्राध्यापक बनने की पात्रता रखते हैं उसी तिथि से पदोन्नति दे दी जाए। इसके लिए कैनिबेट में प्रस्ताव लाने की अनुशंसा की गई है। सूत्रों के मुताबिक विभाग जल्द ही इस सिलसिले में जल्द फैसला ले सकता है।
उल्लेखनीय है कि पहले सहायक प्राध्यापकों को एसोसिएट प्राध्यापक बनाने का प्रस्ताव था, और इसके लिए भर्ती नियम में संशोधन भी किया गया था। मगर यह विवादों में पड़ गया। पदोन्नति से जुड़े मामले हाईकोर्ट के समक्ष विचाराधीन भी है। बहरहाल, सरकार बदलने के बाद सहायक प्राध्यापकों को पदोन्नति से जुड़े विवाद निपटने की उम्मीद भी है।