रायपुर

बढ़ते अपराध, कलेक्टर ने बुलाई पुलिस की बैठक
09-Jan-2024 7:01 PM
बढ़ते अपराध, कलेक्टर ने बुलाई पुलिस की बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 9 जनवरी। राजधानी में बढ़ते अपराधों को लेकर नव पदस्थ कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने मंगलवार शाम राजधानी के सभी पुलिस अधिकारियों की बैठक बुलाई है। इसमें एसएसपी प्रशांत अग्रवाल समेत सभी एएसपी, सीएसपी, डीएसपी, और थानेदार तलब किए गए हैं। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से राजधानी में चाकूबाजी, और हत्या के प्रयास के साथ-साथ समूह में मारपीट की घटनाएं लगातार हो रही हैं।

 पांच तारीख पद संभालने के बाद डॉ. सिंह की यह पहली कानून व्यवस्था की बैठक है। बता दें कि डॉ. सिंह रायपुर जिला पंचायत में सीईओ रह चुके हैं। इसलिए राजधानी की कानून व्यवस्था से वाकिफ हैं।

बिल्डिंग मटेरियल और बाइक पार

अज्ञात चोर निर्माणाधीन मकान से मटेरियल, और फायनेंस कंपनी के सामने से बाइक पार कर गए। तेलीबांधा पुलिस के अनुसार श्याम नगर निवासी कुलदीप सिंह गुब्बर का मकान इलाके के लिए गोकुल रेसीडेंसी में निर्माणाधीन है। 3-5 जनवरी के बीच चोर 12 हजार के प्लेट और डायवर्टर ले भागे। नवनीत सिंह गुब्बर ने कल शाम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई । इधर आदर्श नगर मोवा निवासी अभिषेक राय की बाइक हीरो क्रमांक सीजी 04-केजे-2614 शंकर नगर टीवी टॉवर को पास श्रीराम फायनेंस कंपनी के आफिस के सामने से पार हो गई।

कर्ज से परेशान युवक ने दी जान

राजधानी में मंगलवार की सुबह एक युवक अपने घर के कमरे में गले में फंदा डालकर फांसी पर झूल गया। इस घटना से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। घटना तेलीबांधा गली नंबर 7 की है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले कर पीएम के लिए भेजा। वहीं मृतक युवक का नाम नीरज कमरानी बताया जा रहा है। घटना स्थल पर एक सुसाईड नोट मिलने की खबर है जिसमें मृतक ने कर्जदारों से परेशान होकर खुदकुशी करना बताया है। फिलहाल अभी कुछ कहा नहीं जा सकता तेलीबांधा पुलिस घटना की जांच कर रही है।

दो दिन में 182 अपराधी को जेल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 9 जनवरी। पुलिस ने सोमवार को भी संदिग्ध और पुराने अपराधियों की धरपकड़ जारी रखा। आज 8 आर्म्स एक्ट, 14 आबकारी एक्ट, 04  सट्टा एक्ट तथा 104 गुण्डा/निगरानी बदमाशों, पर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत की गई कार्यवाही।

रविवार को 26 आरोपियों के विरूद्ध आबकारी एक्ट तथा 08 आरोपियों के विरूद्ध नारकोटिक एक्ट के तहत कार्यवाही कर आरोपियों के कब्जे से 51.66 लीटर देशी/अंग्रेजी शराब, 12 किलो 595 ग्राम गांजा, 840 नग नाईट्रोसन-10 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, 4 दोपहिया वाहन, 5 मोबाईल फोन एवं नगदी जब्त किया  था। 2 दिनों में कुल 182 आरोपियों को भेजा गया जेल।

पेट्रोल पंप कर्मी के हमलावर गिरफ्तार, निकाला जुलूस

रविवार रात पुजारी पेट्रोल पंप पर स्वयं पेट्रोल भरने से मना करने पर पंप कर्मचारी प्रशांत मिश्रा को घायल करने वाले तीन युवक जग्गा धीवर, विनय चौहान, आयान कुरैशी को  गिरफ्तार कर लिए गए हैं। मामले की रिपोर्ट एश्वर्य देवांगन ने दर्ज कराई थी। टिकरापारा पुलिस ने साइबर सेल की मदद से पंप, और भागने के रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरे के फूटेज के आधार पर तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही पुलिस ने इन तीनों का जुलूस भी निकाला। एक ही हथकड़ी से बंधे तीनों युवक कान पकड़े  थाने तक पहुंचे। टिकरापारा पुलिस धारा 294, 323, 34 506 बी के तहत इन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेज रही है।


अन्य पोस्ट