रायपुर

22 को ननिहाल में पूजा पाठ, भंडारे के साथ मनेगी दीवाली
09-Jan-2024 2:02 PM
22 को ननिहाल में पूजा पाठ, भंडारे के साथ मनेगी दीवाली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 जनवरी।
अयोध्या में होने जा रहे भगवान श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर छत्तीसगढ़ में दीवाली मनेगी। इस दौरान राम के नाम पर पौधे लगाए जाएंगे और नदियों की आरती उतारी जाएगी। राज्य सरकार, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल समेत तमाम हिंदू संगठनों ने उत्सव मनाने के लिए तरह-तरह की तैयारियां की हैं।  राम का ननिहाल कहलाने वाले छत्तीसगढ़ में पीला अक्षत देकर राम मंदिरों में कीर्तन-भजन और भंडारे में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। 

इस दौरान राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के अनुषांगिक संगठन पर्यावरण गतिविधि ने भी एक पौधा लगाए जाने के अभियान की शुरुआत की है। पर्यावरण गतिविधि के प्रदेश संयोजक डा. अनिल कुमार ने बताया कि एक पेड़ श्रीराम के नाम अभियान के तहत लोगों को घर-घर जाकर पौधों का वितरण किया जा रहा है। लोग बड़ी संख्या में बढ़- चढक़र पौधारोपण भी कर रहे हैं। 

संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि हर जिले में रामभक्ति के अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। घर-घर में दिए जलाएंगे। मंदिरों में भी दीपोत्सव होगा। हम प्रदेश की नदियों को सरयू नदी मानकर उनकी पूजा करेंगे और नदियों की आरती उतारी जाएगी।

विधायक राजेश मूणत ने बताया कि  रायपुर पश्चिम के सभी 20 वार्डों में  17 से लेकर 19 जनवरी तक प्रभात फेरी चारो मंडल के प्रमुख 4 स्थानों पर मंदिर के उद्घाटन का सीधा प्रसारण एल. ई. डी. के माध्यम से दिखाया जायेगा। पश्चिम का प्रत्येक इच्छुक व्यक्ति राम लला के दर्शन करे इसकी जिम्मेदारी अब राजेश मूणत की भी है ।
 


अन्य पोस्ट