रायपुर
रायपुर, 1 जनवरी। कृषि विभाग द्वारा चालू रबी सीजन में किसानों को प्रदाय किए जाने वाले रासायनिक उर्वरकों, बीज एवं कीटनाशक औषधि की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। रबी सीजन-2023-24 में अब तक जांच पड़ताल में बीज के 37 नमूने, रासायनिक उर्वरक के 03 तथा पौध संरक्षण औषधि के 18 नमूने अमानक पाए गए हैं, जिनके लाट के विक्रय पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाने के साथ ही संबंधित फर्मों को कृषि विभाग ने नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया गया है।
संयुक्त सचिव कृषि केसी पैकरा ने बताया कि चालू रबी सीजन में बीज के 2000 उर्वरक के 700 तथा पौध संरक्षण औषधि के 510 नमूने लिए जाने का लक्ष्य है। विभागीय अधिकारियों की टीम द्वारा अब तक बीज के 1765 नमूने लिए गए हैं, जिन्हें प्रयोगशाला भेजकर परीक्षण कराया गया है। परीक्षण में 1569 नमूने मानक स्तर के तथा 37 नमूने अमानक स्तर के पाए गए हैं, जबकि 159 नमूने अभी परीक्षण की प्रक्रिया में हैं।