रायपुर
तिरूपति से कर रहे यात्री शिकायत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 दिसंबर। दक्षिण के तीर्थ स्थलों की यात्रा पर निकले बच्चे बूढ़े और जवान 15 सौ से अधिक यात्री परेशान हाल हालत में हैं। सत्रह हजार से अधिक का प्रति यात्री भाड़ा लेकर दोयम दर्जे की व्यवस्था की गई है।
23 दिसंबर को रवाना हुए ये 1500 तीर्थ यात्री कई अन्य तीर्थ स्थलों के भ्रमण के बाद रास्ते भर परेशान हाल होकर आज दोपहर रेनिगुंटा (तिरूपति) पहुंचे। वहां से यात्रियों ने छत्तीसगढ़ अखबार को बताया कि यह यात्रा , श्री त्रिपुर तीर्थ यात्रा सेवा समिति रायपुर द्वारा आयोजित है। जो कोरबा निवासी व्यक्ति द्वारा संचालित समिति है। शिकायत करने वाले यात्री ने अपनी बुकिंग राहुल ट्रैवल्स से कराने की बात कही ।( ये वही ट्रैवल फर्म है जिसके कर्मचारी आय दिन रायपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों के साथ टैक्सी बुकिंग के नाम पर यात्रियों, और अन्य टैक्सी वालों से मारपीट करते हैं) इस टूर में 1500 यात्री हैं। इनमें रायपुर तिल्दा, बिलासपुर, गोंदिया के साथ साथ पंजाब के भी हैं। रायपुर के लोगों से 17300 रूपए पर हेड लिया गया । इनमें बुजुर्ग भी है । सबसे अधिक परेशानी भोजन को लेकर हो रही है। उन्होंने बताया कि आज मात्र 400 लोगों का लंच पैक मंगवाया है और यात्री 1500। समझा जा सकता है कि बाकी की क्या हालत हो रही होगी। दिए जा रहे खाने में भी क्वालिटी नहीं है। बाल्टी में दाल नहीं पानी परोसा गया है। पूरा ब्यौरा देते हुए यात्रियों ने छत्तीसगढ़ को बताया कि आप खबर छापे न छापे हमने केवल इसलिए जानकारी दी कि भविष्य में कोई अन्य लोग इस तरह की यात्राओं के नाम पर ठगे और परेशान न हो।