रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 दिसंबर। शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय रायपुर की लगभग 25 से 30 छात्राओं ने महाविद्यालय के प्रबंधन के खिलाफ जबरदस्ती हास्टल खाली कराने के संबंध में राज्य महिला आयोग को लिखित शिकायत की है।
छात्राओं ने आयोग की अध्यक्ष डॉ किरणमयी नायक को बताया किवह सभी फाइनल ईयर बी डी एस छात्राएं हैं जो कि पिछले चार वर्षों से हॉस्टल में रह रही हैं, अभी सभी छात्राओं की परीक्षा समाप्त भी नहीं हुई है परंतु वार्डन ने शुक्रवार को नोटिस दिया है कि तत्काल में रूम खाली करो।
छात्रों ने आगे बताया कि हमने पूरी फीस भी जमा किया है। हमारे सीनियर हॉस्टल में रह रहे हैं । यह सारे कृत्य हमारे साथ ही किया जा रहा है। इन सब की जानकारी हमारे डेंटल कॉलेज के डीन को है जबकि बॉयज हॉस्टल के 40 फीसदी रुम खाली है हम सभी छात्राएं छत्तीसगढ़ के बाहर की है अचानक सभी छात्राएं कहां और क्यों जाएं जबकि कॉलेज का नियम है की इंटर्नशिप के बाद ही कॉलेज छोड़ा जाता है हमारी सेफ्टी और सिक्योरिटी का ध्यान भी नहीं रखा गया है। कल की तारीख में सभी छात्राओं का परीक्षा है ऐसे में हम सभी कहां जाएंगे। आयोग ने 2 जनवरी को कॉलेज के डीन को बुलाया है।
छात्राओं ने मिस इंटरप्रिएट किया
दूसरी ओर कॉलेज के डीन डॉ. वीरेंद्र वाढेर ने बताया कि छात्राओं ने मिस इंटरप्रिएट किया है । कॉलेज में दो बैच में परीक्षाएं चल रही हैं। पहले बैच की छात्राओं ने कल अपनी परीक्षा खत्म कर सीधे आयोग में शिकायत की है। वहीं दूसरे बैच की छात्राएं परीक्षा दे रही हैं। डॉ.वाढेर के मुताबिक कॉलेज की स्वायत्तशासी समिति की बैठक में तय हुआ था कि हॉस्टल की समस्या को देखते हुए इंटर्नशिप करने वाली छात्राओं से हॉस्टल खाली कराया जाएगा ताकि प्रथम,द्वितीय वर्ष की छात्राओं को रूम दे सके। समिति के अध्यक्ष चिकित्सा शिक्षा मंत्री( टीएस सिंहदेव) होते हैं। इसी के तहत इन सीनियर को खाली करने सूचना दी गई है ताकि जल्द से जल्द वो रूम तलाश कर सकें। लेकिन इन छात्राओं ने आयोग में मिस इंटरप्रिएट किया गया ।