रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 दिसंबर। प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर 10 साल पुराना झीरम नक्सल कांड की गूंज उठने लगी है। मनोनित मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज इस मामले में एक बयान दिया है। मीडिया से चर्चा में श्री साय ने कहा पूर्व सीएम कहते रहे हैं कि इस कांड के सबूत उनके जेब में है। कांग्रेस की सरकार पांच साल रही, तो उन्होंने क्या किया। इसी मुद्दे पर युवा विधायक विजय शर्मा ने कहा झीरम कांड की जांच की जाएगी। भूपेश बघेल के पास सबूत हैं, तो जेब से निकालते क्यों नहीं। पांच साल उन्होंने क्या किया। उमेश पटेल को बघेल से पूछना चाहिए कि मेरे पिता के हत्यारों के सबूत जेब से क्यों नहीं निकालते वहीं पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल ने कहा कि पांच साल तक भाजपा और उसके नेता झीरम मामले को कोर्ट में लटकाए रहे। हमने छत्तीसगढ़ पुलिस से जांच कराने की आदेश दिया, तो भाजपा नेता और एनआईए कोर्ट में चले गए। तीन दिसंबर से दो दिन पहले ही सुप्रीम कोर्ट ने छत्तीसगढ़ पुलिस से जांच को हरी झंडी दी है। इसलिए सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान करते हुए झीरम मामले की जांच कराएं, जो भी नाम सामने आए उस पर कार्रवाई होनी चाहिए। उम्मीद है कि भाजपा सरकार राजनीति से उठकर जांच कराएगी। पटेल ने कहा झीरम ही क्यों। नान घोटाला, और सभी घोटालों की भी जांच होनी चाहिए। बता दें कि इस कांड में उमेश के पिता पूर्व गृहमंत्री नंदकुमार पटेल, भाई दिनेश पटेल की भी नक्सलियों ने हत्या की थी।