रायपुर
अजय ने कहा- समीक्षा से ज्यादा रुचि पांच वर्ष के हिसाब- किताब में
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 दिसंबर। छत्तीसगढ़ में हार के कारणों की कल होने वाली समीक्षा के लिए निवृतमान सीएम भूपेश बघेल और पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज आज शाम 5.40बजे के नियमित विमान से दिल्ली जायेगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने एक बैठक बुलाई है। इस बैठक में राहुल गांधी भी रहेंगे। प्रदेश से प्रदेश प्रभारी सैलजा और पीसीसी चीफ दीपक बैज शामिल होंगे । सैलजा, दिल्ली में ही हैं। इस बैठक को लेकर भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर का कहना है कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस के लोग आज हार की समीक्षा के लिए दिल्ली जा रहे है। लेकिन दिल्ली को हार की समीक्षा से ज्यादा रुचि पांच सालों के हिसाब- किताब में रहती है,पर शायद कांग्रेस की बैलेंस शीट फरार है।
दूसरी ओर इन तीन के अलावा हाईकमान ने किसी भी अन्य नेता को नहीं बुलाया है। यानी ये तीनों फीडबैक देने स्वतंत्र रहेंगे।इतनी करारी हार के बाद बैज के इस्तीफे या हटाए जाने की भी अटकले शुरू हो गई हैं। इसके अलावा नेता प्रतिपक्ष का भी चयन होना है।
इस पर बैज ने स्वयं कहा कि हाईकमान निर्णय लगा। दीपक बैज ने कांग्रेस की हार पर कहा कि यह चुनाव सामूहिक नेतृत्व पर लड़ा गया था। इसलिए किसी के परफार्मेंस पर कुछ भी कहना जल्द बाजी होगी। सांसद बैज शीतकालीन सत्र के लिए दिल्ली जाने से पहले राजीव भवन में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा हम मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएंगे। विपक्ष में रहकर जनता की आवाज उठाएंगे। उन्होंने कहा हमारे बड़े नेता हारे यह समीक्षा का विषय है। इस पर संगठन में चर्चा होगी।