रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 दिसंबर। सरकार बदलते ही राज्य के प्रशासनिक मुख्यालय में संलग्न अधिकारी कर्मचारियों को मूल स्थानों पर वापसी को लेकर मोर्चा खुल गया है। मंत्रालय कर्मचारी संघ के सदस्य अपने नेताओं पर इसके लिए दबाव बना रहे हैं।
उनका कहना है कि सामान्य प्रशासन विभाग जिस तरह से निज सचिव, ओएसडी को मूल स्थान के लिए कार्यमुक्त करने लगा है उसी तरह से इन संलग्नो को भी वापस भेजने की कवायद की जाए। मंत्रालय में 10त्न कर्मचारी/ अधिकारी संलग्नीकरण के होंगे।
ये लोग भी स्टाफ की कमी बताकर किसी न किसी नेता के कहने पर दूरस्थ या जिला कार्यालयों से अटैच किए गए हैं। मंत्रालय के वर्किंग पैटर्न से अनभिज्ञ ये कर्मचारी, बिना काम से दिनभर डेस्कटॉप और मोबाइल पर मनोरंजन करते देखे जा सकते हैं। अधिकांश लोग सचिवों व मंत्रियों के दफ्तर में अटैच है जहां केवल नस्तियों के आवक जावक या फिर अफसरों के होने पर डिक्टेशन ही लेते हैं । इसके अलावा अफसरों के निजी पारिवारिक काम करते रहे हैं। कुछ कर्मचारी,स्कूल कॉलेज के शिक्षक प्रोफेसर पति,पत्नी दोनों ही अटैच है। और पीए के रूप में मंत्रालयीन कैडर के लोगो पर मंत्री, अफसर के नाम पर दबाव बनाया जाता है।
राज्य गठन के शुरूआती वर्षों में अमले की कमी की वजह से कुछ अनुभवी अधिकारी,कर्मचारी संलग्न किए गए थे। बाद के इन वर्षों में मंत्रालय कैडर में नई नियुक्तियों की वजह से अब वह कमी नहीं रह गई है । लेकिन बाद में अटैचमेंट वार्षिक परंपरा बन गई। इनकी वजह से मंत्रालय के सेटअप और पदोन्नतियों पर भी असर पड़ रहा है। सभी अटैच और जो बाहरी यहां अपने मंत्रालय में पदस्थ हैं उन सबको अपने मूल विभाग को भेजने से सेटअप सहित जो हमारे अन्य मुद्दा है उसे पर उसका सीधा प्रभाव और असर दिखेगा क्योंकि फाइल ऊपर जाने से इन्हीं किन्हीं लोगों में से लोग बातों को तोड़ मरोड़ कर अधिकारी के सामने पेश करते हैं जिसके कारण मंत्रालय के मूल कर्मचारी हैं उसका अभिशाप झेलते हैं। इस संबंध में मंत्रालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र सिंह राजपूत ने छत्तीसगढ़ से कहा कि राज्य सरकार मंत्रालय का सेटअप मंजूर कर नई भर्तियां करती तो यह नौबत नहीं आती कोई भी कर्मचारी अपने मूल पदस्थापना स्थल से दूर आकर काम नहीं करना चाहता है। वे भी मजबूरी में आए हैं। हम संघ की बैठक में इस पर चर्चा कर सरकार से सबकी मूल स्थानों पर वापसी की मांग करेंगे।