रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 दिसंबर। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को शहर की 14 में से 12 विधानसभा सीटों पर बुरी हार का सामना करना पड़ा है। जानकार लोग इसके लिए स्थानीय कारण गिना रहे हैं।
छत्तीसगढ़ में शहर की 14 सीटें हैं। जिनमें रायपुर की 4, दुर्ग की 2, बिलासपुर की 2, के अलावा भिलाई, वैशालीनगर, जगदलपुर, रायगढ़, और धमतरी व अंबिकापुर है। पिछले चुनाव में इन सीटों पर कांग्रेस को अच्छी सफलता मिली थी। पार्टी ज्यादातर सीटें जीतने में कामयाब रही है। लेकिन इस बार नतीजे ठीक इसके उलट आए हैं।
रायपुर की चारों सीट पर तो कांग्रेस प्रत्याशी बुरी तरह हारे हैं। बिलासपुर की दोनों सीटें शहर और बेलतरा में भी भाजपा का परचम लहराया है। अंबिकापुर, रायगढ़, जगदलपुर, वैशालीनगर में भी कांग्रेस प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा। भिलाई और धमतरी ऐसी सीट है जहां कांग्रेस को जीत मिली है। दोनों ही सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी को मामूली अंतर से जीत हासिल हुई है।
ये सभी सीटें नगर निगमों के अंतर्गत आती हैं। सभी निगमों में कांग्रेस का कब्जा है। यहां की कार्यप्रणाली को लेकर न सिर्फ रायपुर बल्कि बाकी शहरों में भी नाराजगी रही है। दिलचस्प बात यह है कि इन इलाकों में मुस्लिम समाज के अच्छे-खासे वोटर हैं। रायपुर दक्षिण में तो 10 फीसदी से अधिक मुस्लिम मतदाता हैं लेकिन मुस्लिम समाज का भी साथ कांग्रेस को नहीं मिल पाया। अंबिकापुर में मुस्लिम समाज का एक हिस्सा जोगी कांग्रेस के प्रत्याशी अब्दुल मजीद को चला गया। कांग्रेस के परंपरागत वोट बैंक में सेंध लगने से डिप्टी सीएम टी.एस.सिंहदेव चुनाव हार गए।
सबसे बड़ी लीड शहरी सीट रायपुर दक्षिण से भाजपा प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल को मिली है। वो 67 हजार से अधिक वोटों से चुनाव जीतने में कामयाब रहे। बृजमोहन ने प्रदेश में सबसे ज्यादा अंतर से चुनाव जीतने का मो.अकबर का रिकॉर्ड तोड़ा है। अकबर ने 2018 के विधानसभा चुनाव में कवर्धा सीट से 60 हजार वोटों से जीत हासिल की थी।
पूर्व आईएएस ओ.पी. चौधरी भी रायगढ़ सीट से 64 हजार से अधिक वोटों से जीते हैं। इसी तरह पूर्व सीएम डॉ.रमन सिंह ने अब तक की सबसे ज्यादा 45 हजार से अधिक वोटों से जीत हासिल की है। इससे पहले वो नांदगांव से करीब 42 हजार वोटों के अंतर से जीत पाए थे।
एजाज, प्रमोद दुबे के वार्ड से भी मिली हार
मेयर एजाज ढेबर और सभापति प्रमोद दुबे भी अपने वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी महंत रामसुंदर दास को बढ़त नहीं दिला पाए। और तो और महंत रामसुंदर दास अपने दूधाधारी मठ के इलाके से भी पिछड़ गए।
दिलचस्प बात यह है कि रायपुर दक्षिण के बैजनाथपारा, बैरनबाजार, आदि इलाकों से कांग्रेस को बढ़त मिलती रही है, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हो पाया। ढेबर बैजनाथपारा के पार्षद भी हैं, लेकिन उनके इलाके से कांग्रेस प्रत्याशी को करीब 14 सौ वोटों से हार का सामना करना पड़ा। यही हाल प्रमोद दुबे का भी रहा है। प्रमोद दुबे के वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी को 32 सौ वोटों से हार का मुख देखना पड़ा है। बृजमोहन अग्रवाल अपने विधानसभा क्षेत्र के सभी 20 वार्डों में बढ़त पर रहे हैं।