रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 दिसंबर। बंगाल की खाड़ी में बढ़ रहे तूफान मिचोंग का असर दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में देखने को मिल रहा है। इससे आज सुबह से राजधानी और आसपास बदली छाई हुई है। वहीं मौसम विभाग ने 7 दिसंबर तक प्रदेश के बड़े इलाके में बारिश की संभावना सजताई है।
उधर मिचौंग तूफ़ान के कल तडक़े तमिलनाडु के साथ आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम में टकराने के संकेत हैं। जो इस समय दक्षिण- पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर 11 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर- पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है तथा यह अभी 12.0 डिग्री उत्तर और 82.5 डिग्री पूर्व में, पुडुचेरी से पूर्व की ओर 250 किलोमीटर दूर, चेन्नई से पूर्व-दक्षिण पूर्व की ओर 230 किलोमीटर दूर, नेल्लौर से दक्षिण-पूर्व दिशा में 350 किलोमीटर दूर, बपटला से दक्षिण-पूर्व में 460 किलोमीटर दूर, मछलीपट्टनम से दक्षिण-पूर्व में 480 किलोमीटर दूर स्थित है।
इसके लगातार उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए और अधिक प्रबल होकर पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी -तटीय दक्षिण आंध्र प्रदेश और तटीय उत्तर तमिलनाडु के पास 4 दिसंबर को दोपहर में पहुंचने की संभावना है।
उसके बाद यह लगभग उत्तर दिशा में तटीय आंध्र प्रदेश के समानांतर आगे बढ़ते हुए नेल्लौर और मछलीपट्टनम के मध्य दोपहर 5 दिसंबर को एक प्रबल चक्रवाती तूफान के रूप में पहुंचने की संभावना है । इस समय इसकी गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है।
एक पश्चिमी विक्षोभ चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के रूप में मध्य पाकिस्तान और उसके आसपास 3.8 किलोमीटर से 4.5 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है इसका द्रोणीका 65 डिग्री पूर्व और 30 डिग्री उत्तर में 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर मौजूद है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पश्चिम उत्तरप्रदेश और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।
प्रदेश में कल दिनांक 4 दिसंबर को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है।
वर्षा का क्षेत्र मुख्यत: बस्तर संभाग और उससे लगे जिले संभावित है।