रायपुर

सीएम के दबाव में सीईओ शिकायतों की जांच नहीं कर रही-चंद्राकर
26-Nov-2023 6:48 PM
सीएम के दबाव में सीईओ शिकायतों की जांच नहीं कर रही-चंद्राकर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 26 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता व पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने इस बात पर कड़ा ऐतराज जताया है कि केयरटेकर मुख्यमंत्री के दबाव में कलेक्टर को हटाने के कार्रवाई हो या खुद के पाटन निर्वाचन क्षेत्र में आचार संहिता के उल्लंघन का मामला हो, इसकी जांच नहीं की जा रही है। श्री चंद्राकर ने कहा कि राज्य निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से भाजपा द्वारा की गईं तमाम शिकायतों पर हमारे सामने बुलाकर, हमारी उपस्थिति में उसकी जाँच कराई जाए, हमारा पक्ष भी सुना जाए और यदि उसको नस्तीबद्ध किया गया है, उसकी ब्योरेवार जानकारी दी जाए। श्री चंद्राकर ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों के भी मतदान में अनियमितता बरती गई। कर्मचारियों के मतदान का प्रतिशत ज्यादा हुआ। किसी कर्मचारी की चुनाव से ड्यूटी कट जाने पर उसका नाम हटाया गया परंतु वह कर्मचारी अपने मूल स्थान पर भी मतदान से वंचित हो गए। यह जानबूझकर किया गया क्योंकि केयरटेकर मुख्यमंत्री यह जानते थे कि कर्मचारी वर्ग कांग्रेस से नाराज है और जितना वह अधिक वोट करेंगे, उतनी कांग्रेस को क्षति होगी। इसलिए कम-से-कम 25 हजार कर्मचारियों को मतदान से षड्यंत्रपूर्वक वंचित किया गया।

श्री चंद्राकर ने कहा कि चुनाव ड्यूटी में नियुक्त कर्मचारियों हेतु पोस्टल-बैलेट से मतदान के स्थान पर कर्मचारियों की सूची बनाते हुए जिला मुख्यालय (कलेक्टोरेट) में सुविधा केंद्र बनाकर चुनाव ड्यूटी में जाने के पूर्व मतदान की व्यवस्था के कारण अधिकांश शासकीय कर्मचारी मतदान से वंचित हो गए हैं।

श्री चंद्राकर ने कहा कि  उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने एक बार नहीं, अनेक बार राज्य निर्वाचन आयोग से संपर्क किया और जिसमें कई गंभीर शिकायत बुजुर्ग और  दिव्यांग मतदाताओं के मतदान के संबंध में संबंधित क्षेत्र के राजनीतिक दल के प्रत्याशी या उनके पोलिंग एजेंट को खबर नहीं की।इसकी जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश के एक मंत्री कवासी लखमा ने कुरुद विधानसभा में बिना अनुमति के सभा किया जिसकी भी शिकायत उन्होंने निर्वाचन आयोग से की है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग अगर भाजपा की शिकायतों पर कोई कार्यवाही नहीं करेगी तो भाजपा भारत निर्वाचन आयोग एवं न्यायालय में भी इन शिकायतों को लेकर जाएगी।

कांग्रेस के संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने पलटवार में कहा भाजपा और चंद्राकर चुनाव हार रहे हैं। इसलिए बौखलाहट में ऐसे बयान दे रहे हैं। प्रदेश की महिलाओं ने महतारी वंदन योजना के बजाय गृहलक्ष्मी योजना के पक्ष में मतदान किया है। क्योंकि उन्हें भाजपा की असलियत मालूम है। उसी बौखलाहट में चंद्राकर पैंट गीली जैसे बयान दे रहे हैं।


अन्य पोस्ट