रायपुर

कुत्तों से घिरे डॉक्टर, पैरों में तीन जगह गहरा काटा
25-Nov-2023 3:42 PM
कुत्तों से घिरे डॉक्टर, पैरों  में तीन जगह गहरा काटा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
रायपुर, 25 नवम्बर ।
राजधानी के मेडिकल कालेज में पदस्थ एक डाक्टर को कुत्तों ने तीन  जगह काटा।  पैथोलाजी  विभागाध्यक्ष डा अरविंद नेरल किसी काम के लिए  शुक्रवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे कटोरा तालाब गए थे। स्वप्निल नर्सिंग होम्स के सामने अपनी कार से उतरकर लजा ही रहे थे कि  चार-पांच कुत्तों ने उन्हें घेर लिया। और कुत्तों ने पैरों में काटना शुरू कर दिया। डा अरविंद नेरल को आसपास खड़े लोगों ने बचाया। डा नेरल के पैरों पर कुत्तों ने तीन जगह खतरनाक तरीके से दांत गड़ाया है। इससे खून भी बह निकला। आंबेडकर अस्पताल में उन्होंने इलाज कराया है।

रायपुर मेंं बढ़ते जा रहा कुत्तों का आतंक

गौरतलब है कि शहर की सडक़ों से लेकर कालोनी, मोहल्लों और सोसायटियों ने खूंखारों का आतंक बढ़ता जा रहा है। हैरानी कि बात है कि लोगों द्वारा सूचना देने के बावजूद निगम का अमला चुप्पी साधे हुए है। विगत चार दिनों पहले गुढय़िारी क्षेत्र के गुलमोहर सोसायटी में ढाई साल की बच्ची को कुत्तों ने नोचकर जख्मी कर दिया था।

प्रतिदिन 20 से अधिक आ रहे नए मामले

आंबेडकर अस्पताल, जिला अस्पताल और निजी अस्पतालों के आंकड़ों के अनुसार रोजाना 20 से 25 नए मामले डाग बाइट के सामने आ रहे हैं, जबकि निगम द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार प्रतिदिन 16 कुत्तों का बधियाकरण किया जाता है, लेकिन इस हिसाब से रोजाना आठ से दस लोग अतिरिक्त इसका शिकार हो रहे हैं। निगम का अमला जब कोई घटना होती है, तब सक्रिय हो जाता है, लेकिन इसके बाद वापस से सुस्त गति में चला जाता है। इसकी वजह से लोग आए दिन परेशान होते जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद निगम का अमला इसे लेकर गंभीरता नहीं बरत रहा है।
 


अन्य पोस्ट