रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 नवंबर। पुलिस के सामने कांग्रेस और बीजेपी के कार्यकर्ताओं का आपस में भिडऩे का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि दोनों पार्टी के नेता बीती रात बुधवार को एक दूसरे के खिलाफ मारपीट की शिकायत लेकर सरस्वती नगर थाने पहुंचे थे। इस दौरान थाना परिसर में एक दूसरे के साथ मारपीट करने लगे। घटना के दौरान सीएसपी, थाना प्रभारी औऱ अन्य पुलिसकर्मी कार्यकर्ताओं को शांत कराने की कोशिश करते रहे। अब इसका वीडियो जमकर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के कोटा टीचर कॉलोनी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ प्रचार को लेकर विवाद हुआ। जहां पर मंडल महामंत्री प्रशांत ठाकुर घर जा रहे थे तो रास्ते में प्रचार थमने के बाद कांग्रेसियों को बैनर पोस्टर लगाते देख रोका। इसी बात पर उनके बीच विवाद हुआ।
कांग्रेसियों का कहना है कि भाजपा के कार्यकर्ता साड़ी और कंबल बांट रहे थे। उन्हें रोकने के दौरान यह विवाद मारपीट तक पहुंचा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट की नौबत आ गई। इसी की शिकायत लेकर दोनों पार्टी के नेता और कार्यकर्ता सरस्वती नगर थाने बीती रात पहुंचे थे। यहां पर भी कार्यकर्ता आपस मे भिड़ गए।
भाजपा कार्यकर्ता की हत्या पर उतारू कांग्रेसी
पश्चिम से भाजपा प्रत्याशी और पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने कहा कि बीती रात कांग्रेस के गुंडों ने सरस्वती नगर थाने में शिकायत करने पहुंचे भाजपा के कार्यकर्ता की हत्या करने का कृत्य किया है। जनता भाजपा के पक्ष में मतदान करके इसका पुरजोर जवाब जरूर देगी। राजेश मूणत ने कहा कि यही स्थिति संपूर्ण छत्तीसगढ़ में देखी गई है,जहां कांग्रेस के इशारे पर भाजपा कार्यकर्ताओं की टारगेट किलिंग हुई है।
विपक्षियों को भी गले लगाएं-सीएम
सीएम भूपेश बघेल ने एक ट्वीट कर अपने कार्यकर्ताओं को आगाह किया। उन्होंने कहा विपक्ष के कार्यकर्ता यदि आपके साथ कोई भी अभद्र टिप्पणी करते हैं, या भडक़ाने की कोशिश करते हैं तब मन शांत रखना है। अक्सर पराजय के पूर्वानुमान के कारण ऐसी मनोदशा होती है हमको मोहब्बत से रहना है गले लगाना है। सब अपने हैं इनको भी हम पर ही भरोसा है। हमारी योजनाओं का लाभ इन सबको मिलेगा।